कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष मरकाम हटाए गए, बस्तर के ही आदिवासी नेता बैज राज्य के नये पार्टी प्रमुख बने

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jul 13, 2023

छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव से पहले सत्ताधारी दल कांग्रेस ने अपने प्रदेश अध्यक्ष को बदल दिया है। बस्तर क्षेत्र के युवा नेता और सांसद दीपक बैज अब मोहन मरकाम की जगह नये प्रदेश अध्यक्ष होंगे। बस्तर क्षेत्र के ही कोंडागांव विधानसभा सीट से विधायक मोहन मरकाम पिछले चार वर्षों से पार्टी की राज्य इकाई के मुखिया थे। कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक पिछले कुछ समय से सत्ता और संगठन के बीच तालमेल की कमी के कारण मरकाम का हटना तय माना जा रहा था। राज्य के राजनीतिक जानकारों के मुताबिक पार्टी ने चुनाव से पहले यह बताने की कोशिश की है कि आगामी विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का नेतृत्व सर्वमान्य होगा। वहीं बस्तर क्षेत्र से आने वाले आदिवासी नेता को प्रदेश अध्यक्ष पद से हटाने के बाद उसी क्षेत्र से अन्य आदिवासी नेता को इस पद पर लाने से जाति और क्षेत्रीय समीकरण में कोई बदलाव नहीं होगा।

बैज पहली बार 2013 में और फिर 2018 में लगातार दूसरी बार विधायक चुने गए। पार्टी ने बस्तर क्षेत्र में युवा नेता के रूप में उनकी बढ़ती लोकप्रियता को भुनाने के लिए 2019 के लोकसभा चुनाव में टिकट दिया था। हाल ही में पार्टी महामंत्री समेत कुछ पदों को लेकर मरकाम का आदेश और कुछ ही दिनों बाद उस आदेश को राज्य प्रभारी कुमारी शैलजा द्वारा रद्द किए जाने के बाद यह माना जा रहा था कि जल्द ही कांग्रेस में नये प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति होगी। कांग्रेस नेताओं के मुताबिक मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी मरकाम के कामकाज को लेकर बहुत खुश नहीं थे। राजनीतिक मामलों को जानकार आर कृष्ण दास कहते हैं कि पिछले महीने संगठन महामंत्री और अन्य पदों को लेकर मरकाम के आदेश और कुमारी शैलजा द्वारा उस आदेश को रद्द करने के बाद माना जा रहा था कि कांग्रेस पार्टी अपने प्रदेश अध्यक्ष को जल्द ही बदलेगी। दास कहते हैं कि कांग्रेस एक आदिवासी प्रदेश अध्यक्ष की जगह गैर-आदिवासी को इस पद पर नियुक्त कर राज्य के बहुसंख्यक आदिवासी समुदाय को नाराज नहीं कर सकती है।

वहीं वह बस्तर क्षेत्र की अनदेखी करने का जोखिम भी नहीं उठाएगी। उन्होंने कहा कि बैज की नियुक्ति के साथ कांग्रेस ने साल के अंत में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री बघेल की ताकत में इजाफा किया है तथा जाति और क्षेत्रीय समीकरण को भी बनाए रखा है। पिछले महीने कांग्रेस ने लंबे समय से नाराज चल रहे मंत्री टीएस सिंहदेव को उप मुख्यमंत्री नियुक्त किया था। सिंहदेव का राज्य के उत्तर में बसे सरगुजा क्षेत्र में काफी प्रभाव है। दास ने कहा कि विधानसभा चुनाव में विशेष रूप से अपने समुदाय के लोगों जो राज्य का लगभग 32 प्रतिशत हिस्सा है का समर्थन बरकरार रखना बैज के प्रमुख कार्यों में से एक होगा। राज्य में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने मरकाम को हटाने को लेकर कहा, कांग्रेस के निवर्तमान अध्यक्ष मोहन मरकाम जी लगातार कांग्रेस सरकार के भ्रष्टाचार के विरुद्ध मुखर रहे।

उन्होंने डीएमएफ समेत भूपेश सरकार के अनेक भ्रष्टाचार का खुलासा किया था। इस भ्रष्टाचारी सरकार को यह पसंद नहीं आया और साज़िश करके उन्हें पद से हटाया गया है। यह निहायत ही अनुचित है। साव ने कहा, कांग्रेस के भीतर नाम मात्र का भी आंतरिक लोकतंत्र नहीं बचा है।यह आदिवासी समाज का अपमान है। उन्होंने कहा, मरकाम जी कांग्रेस के संविधान के तहत प्राप्त अधिकार का उपयोग करते हुए पार्टी को चलाने का काम कर रहे थे। इस कारण वे दस जनपथ के निशाने पर थे। कांग्रेस में अब मरकाम जी को रहना नहीं चाहिए। उन्हें कांग्रेस छोड़ देनी चाहिये।

प्रमुख खबरें

World Cup में Eloy Room का अविश्वसनीय Record, 15 Saves कर Ecuador को बराबरी पर रोका.

Womens Hockey: Team India का Nations Cup पर कब्जा, New Zealand को हराकर Pro League में की एंट्री

Captain Harmanpreet Kaur का World Record, 200 T20I मैच खेलने वाली दुनिया की पहली क्रिकेटर बनीं

जापान की फुटबॉल में नई सोच का उदय, ‘ईगोइस्ट’ स्ट्राइकर तैयार करने की मुहिम से बदल रही टीम की पहचान