By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 24, 2026
उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले की देवशाल-कोठेड़ा ग्रामसभा के ग्रामीणों ने वर्षों से लंबित सड़क निर्माण की मांग को लेकर शनिवार को प्रदर्शन किया और चेतावनी दी कि यदि 15 दिनों के भीतर ठोस कार्रवाई नहीं हुई, तो वे आगामी विधानसभा चुनाव का बहिष्कार करेंगे। केदारनाथ के निकट गुप्तकाशी हेलीपैड के पास स्थित इस ग्रामसभा के ग्रामीणों का आरोप है कि वर्ष 2015 में तत्कालीन मुख्यमंत्री हरीश रावत और उस वक्त की स्थानीय विधायक (अब दिवंगत) शैलारानी रावत की घोषणा के बावजूद सड़क निर्माण की दिशा में कोई ठोस प्रगति नहीं हुई है। ग्रामीणों के अनुसार, करीब ढाई किलोमीटर लंबी प्रस्तावित सड़क का मामला लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के बीच उलझा हुआ है।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण अब केवल घोषणाओं और सर्वेक्षणों के बजाय निर्माण कार्य शुरू होते देखना चाहते हैं। आंदोलन में शामिल ग्राम प्रधान शुभम देवशाली ने बताया कि सड़क पहले पीडब्ल्यूडी के तहत स्वीकृत थी, लेकिन वर्ष 2025 में इसे पीएमजीएसवाई को सौंप दिया गया। उन्होंने कहा कि पीएमजीएसवाई का कहना है कि पीडब्ल्यूडी ने कुछ काम अधूरे छोड़े हैं, जबकि पीडब्ल्यूडी संबंधित कार्यों को पीएमजीएसवाई के दायरे में बता रहा है।
कांग्रेस नेता और केदारनाथ के पूर्व विधायक मनोज रावत ने कहा कि प्रदेश में ऐसी सैकड़ों सड़कों की घोषणाओं और शासनादेशों के बावजूद वन भूमि हस्तांतरण तथा वित्तीय स्वीकृति नहीं मिलने से काम शुरू नहीं हो पाया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जल्द ही ऐसी घोषणाओं को लेकर अभियान चलाएगी और अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव में इस मुद्दे को उठाएगी।