By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 29, 2026
कांग्रेस ने मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत अब तक चिन्हित किए गए विदेशी नागरिकों के आंकड़े को लेकर बृहस्पतिवार को केंद्र सरकार पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि अब स्पष्ट हो गया है कि गृह मंत्री अमित शाह झूठ बोल रहे थे। पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में दावा किया कि गृह मंत्री ने कहा था कि एसआईआर का ‘3डी’ उद्देश्य घुसपैठियों की पहचान करना (डिटेक्ट), उनके नाम मतदाता सूची से हटाना (डिलीट) और उन्हें देश से बाहर भेजना (डिपोर्ट) है, ताकि मतदाता सूचियों को ‘‘शुद्ध’’ किया जा सके। रमेश ने सवाल किया, ‘‘एसआईआर ने वास्तव में क्या हासिल किया?’’ उन्होंने दावा किया कि कर्नाटक, झारखंड, मेघालय, केरल, गोवा और मिजोरम में एसआईआर की प्रक्रिया से करीब 10 करोड़ लोग गुजरे, लेकिन विभिन्न देशों के केवल करीब 1,600 विदेशी नागरिकों की पहचान कर उनके नाम मतदाता सूचियों से हटाए गए।
उन्होंने आरोप लगाया कि एसआईआर ‘‘प्रधानमंत्री और गृह मंत्री की जोड़ी द्वारा रची गई साजिश’’ थी, जिसे मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ने ‘ईसीआईनेट’ समेत विभिन्न माध्यमों से लागू किया। कांग्रेस महासचिव ने यह मांग फिर उठाई कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद छोड़ना चाहिए, एसआईआर की प्रक्रिया निलंबित की जानी चाहिए और ‘ईसीआईनेट’ में व्यापक बदलाव किया जाना चाहिए।