Congress को Lucknow में Samvidhan Raksha Yatra की नहीं मिली अनुमति, कार्यकर्ता देंगे गिरफ्तारी

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 26, 2026

कांग्रेस ने योगी आदित्यनाथ नीत उत्तर प्रदेश की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर निशाना साधते हुए बृहस्पतिवार को आरोप लगाया कि उसने पार्टी की लखनऊ में प्रस्तावित ‘संविधान रक्षा यात्रा’ निकालने की अनुमति देने से इनकार कर दिया है। हालांकि, कांग्रेस ने प्रस्तावित यात्रा को आगे बढ़ाने का फैसला किया है। कांग्रेस ने कहा कि यदि पुलिस ने उसे रोकने की कोशिश की तो उसके नेता और कार्यकर्ता गिरफ्तारी देंगे।

कांग्रेस के उत्तर प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे संविधान दिवस (26 नवंबर) के अवसर पर आयोजित ‘संविधान रक्षा’ कार्यक्रम में शामिल होने के लिए लखनऊ आ रहे हैं। यहां पहुंचने के बाद वह बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर को श्रद्धांजलि देने के लिए आंबेडकर महासभा परिसर जाएंगे। इसके बाद वह कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पार्टी कार्यालय पहुंचेंगे।’’ गौतम ने दावा किया, ‘‘हम प्रशासन की ओर से रखी गई सभी शर्तों का पालन करने के लिए तैयार थे, इसके बावजूद हमें अनुमति नहीं दी गई।’’ उन्होंने बताया कि पार्टी कार्यालय में ‘संविधान रक्षा’ कार्यक्रम के बाद खरगे दिल्ली रवाना हो जाएंगे।

पहले उन्हें प्रस्तावित यात्रा का नेतृत्व करना था, लेकिन अब पार्टी के अन्य नेता इस यात्रा को आगे बढ़ाएंगे। यात्रा का समापन हजरतगंज स्थित आंबेडकर चौराहे पर डॉ. आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ होगा। गौतम ने कहा, ‘‘खरगे देश के सबसे सम्मानित सांसदों में से एक हैं।

जिस यात्रा का नेतृत्व उन्हें करना था, उसके लिए अनुमति नहीं देना सरकार की मानसिकता को दर्शाता है।’’ उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि हाल में लखनऊ में भाजपा नेता नितिन नवीन को कार्यक्रम के आयोजन की अनुमति कैसे मिल गई। अनुमति के मुद्दे पर प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। कांग्रेस की ‘संविधान रक्षा यात्रा’ पार्टी की उस रणनीति का हिस्सा है, जिसके तहत वह मतदाता सूची में कथित हेरफेर के खिलाफ अपना विरोध तेज करना चाहती है।

कांग्रेस, भाजपा सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शनों में अग्रणी रही है। पार्टी का आरोप है कि ‘‘वोट चोरी’’ और मतदाता सूची में हेरफेर की गई है। इसी मुद्दे को लेकर कांग्रेस ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार से इस्तीफे की मांग की है।

पार्टी के अनुसार, देश के विभिन्न हिस्सों में निकाली जाने वाली ये यात्राएं बाबा साहेब आंबेडकर या महात्मा गांधी की प्रतिमाओं के पास शुरू या समाप्त होंगी। इन यात्राओं के दौरान पार्टी के नेता और कार्यकर्ता संविधान की प्रस्तावना का पाठ करेंगे तथा उसकी रक्षा करने की शपथ लेंगे। कांग्रेस ‘वोट रक्षक’ अभियान भी चलाएगी जिसके तहत पार्टी कार्यकर्ता मतदान केंद्रों पर जाकर ऐसे मतदाताओं की पहचान करेंगे, जिनके नाम मतदाता सूची से हटा दिए गए हैं।

साथ ही, उन्हें मतदान का अधिकार वापस पाने में सहायता करेंगे। इस बीच, कांग्रेस ने कहा कि कार्यक्रमों में बाधा डालने की कोशिशों के बावजूद पार्टी कार्यकर्ता खरगे के लखनऊ पहुंचने पर उनका भव्य स्वागत करेंगे। कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति के सदस्य पी.एल. पूनिया ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘लखनऊ में स्वागत द्वार और बड़े-बड़े होर्डिंग लगाए गए हैं।

पार्टी कार्यकर्ता, बूथ अध्यक्ष और अन्य पदाधिकारी उनके भव्य स्वागत के लिए वहां मौजूद रहेंगे।’’ वहीं, आंबेडकर महासभा के अध्यक्ष लालजी प्रसाद निर्मल ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा कि कांग्रेस नेताओं ने उन्हें जानकारी दी है कि खरगे सीधे हवाई अड्डे से आंबेडकर महासभा परिसर पहुंचेंगे। इस परिसर में डॉ. भीमराव आंबेडकर की अस्थियां रखी हुई हैं। निर्मल ने कहा कि लंबे समय बाद संविधान दिवस के अवसर पर इस परिसर में आने वाले खरगे पहले बड़े कांग्रेस नेता होंगे।

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भी इस परिसर का दौरा कर चुके हैं। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 2017 में पदभार संभालने के बाद से यहां 22 बार आ चुके हैं। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी परिसर का दौरा किया है, जबकि बहुजन समाज पार्टी की प्रमुख मायावती अब तक यहां नहीं आई हैं।

खरगे का लखनऊ दौरा ऐसे समय हो रहा है, जब इसी दिन समाजवादी पार्टी अपना घोषणापत्र जारी करने वाली है। इसके अलावा, ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के नेता चंद्रशेखर आजाद की पहली संयुक्त राजनीतिक रैली भी आयोजित की जाएगी। भाजपा भी लखनऊ में एक महत्वपूर्ण बैठक कर सकती है, जिसमें 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए रणनीति को अंतिम रूप दिया जाएगा।

प्रमुख खबरें

माकपा नेता TI Madhusoodanan के भाषण की पुलिस करेगी जांच: Ramesh Chennithala

Arvind Kejriwal ने AAP स्थापना दिवस पर कहा, हम देश के लिए न डरेंगे न पीछे हटेंगे

इंटरनेशनल मंच से डंके की चोट पर NSA डोभाल ने बोली ऐसी बात, देश की सुरक्षा पर हो गया तगड़ा फैसला!

Congress नेता Supriya Shrinate का दावा, UP में सपा के साथ मिलकर बनाएंगे सरकार