माकपा नेता TI Madhusoodanan के भाषण की पुलिस करेगी जांच: Ramesh Chennithala

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 26, 2026

केरलम के गृह मंत्री रमेश चेन्निथला ने बृहस्पतिवार को कहा कि पुलिस मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के नेता और पूर्व विधायक टी. आई. मधुसूदनन के भाषण की जांच करेगी और उसके बाद आगे की कानूनी कार्रवाई पर फैसला करेगी। मधुसूदनन ने सोशल मीडिया पर पार्टी की आलोचना करने वालों को चेतावनी दी थी। चेन्निथला ने यहां संवाददाताओं से कहा कि गृह विभाग इन टिप्पणियों को गंभीरता से ले रहा है और पुलिस जांच के लिए भाषण का पूरा पाठ जुटा रही है।

उन्होंने कहा, ‘‘किसी निर्वाचित जनप्रतिनिधि रह चुके व्यक्ति के लिए इस तरह के धमकी भरे भाषण देना उचित नहीं है। हम इस मामले को बेहद गंभीरता से ले रहे हैं। पुलिस इस तरह की हरकतों को बर्दाश्त नहीं करेगी और न ही सरकार ऐसा होने देगी।’’ राज्य के स्वास्थ्य मंत्री के. मुरलीधरन ने भी इन टिप्पणियों पर नाराजगी जताते हुए कहा कि राज्य में अब इस तरह के आचरण की अनुमति नहीं दी जाएगी।

उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ‘‘केरलम की मौजूदा सरकार ऐसी नहीं है, जो हिंसा की धमकी देने वाले भाषणों पर चुप रहे। सरकार की ओर से सख्त कार्रवाई की जाएगी।’’ उन्होंने कहा कि ‘जेन जी’ के दौर में इस तरह के भाषणों से कोई फायदा नहीं होगा, बल्कि इससे वामपंथी पार्टी का पतन होगा। माकपा नेताओं द्वारा 2016 में पार्टी कार्यकर्ता सी. वी. धनराज की हत्या के मामले में आए फैसले पर सवाल उठाने और न्यायाधीश के खिलाफ टिप्पणियां करने की खबरों पर मुरलीधरन ने कहा कि इस तरह का आचरण अस्वीकार्य है।

थालीपरंबा की एक अदालत ने बुधवार को धनराज हत्याकांड में 16 भाजपा-आरएसएस कार्यकर्ताओं को बरी कर दिया था, जबकि तीन मुख्य आरोपियों को दोषी ठहराया था। धनराज माकपा के स्थानीय नेता थे। मुरलीधरन ने कहा कि कांग्रेस और संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) भी अरियिल शुकूर हत्याकांड में आए फैसले से संतुष्ट नहीं थे, लेकिन ‘‘हमने न्यायाधीश के खिलाफ कोई प्रतिकूल टिप्पणी नहीं की।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हमें अदालतों का सम्मान करना चाहिए।

हर फैसला हमारे पक्ष में नहीं होगा। अरियिल शुकूर मामले में अब भी हमारा मानना है कि असली दोषी पर्दे के पीछे छिपे हुए हैं।’’ एक स्थानीय अदालत ने 19 नवंबर को 2012 के अरियिल शुकूर हत्याकांड में माकपा नेताओं पी. जयराजन और टी. वी. राजेश सहित पार्टी के 16 अन्य कार्यकर्ताओं को बरी कर दिया था। शुकूर इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) के कार्यकर्ता थे।

अदालत ने इस मामले में 13 अन्य लोगों को दोषी ठहराया था, जिनमें से सात को हत्या का दोषी पाया गया था। मुरलीधरन ने कहा कि दोनों ही मामलों में अभियोजन पक्ष की ओर से चूक हुई है। वहीं, मधुसूदनन ने धनराज हत्याकांड में अदालत का फैसला आने के बाद पय्यान्नूर में डेमोक्रेटिक यूथ फेडरेशन ऑफ इंडिया (डीवाईएफआई) की ओर से आयोजित एक कार्यक्रम में धमकी दी थी।

आरोप है कि मधुसूदनन ने सोशल मीडिया पर पार्टी की आलोचना करने वालों को चेतावनी देते हुए कहा था कि पार्टी उनसे हिसाब चुकता करेगी और ऐसा करने से पीछे नहीं हटेगी। उन्होंने कथित तौर पर यह भी कहा था कि पार्टी का अपमान करने वालों को शायद पहले ही उनके किए की सजा मिल चुकी है। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी थी कि जो लोग लड़ाई को सड़कों पर ले जाएंगे, उन्हें इसके परिणाम भुगतने होंगे।

चेन्निथला ने कहा कि नेताओं और पूर्व विधायकों को अशांति भड़काने वाले बयान देने के बजाय शांति बनाए रखने तथा हत्याओं और हिंसा को रोकने के लिए काम करना चाहिए। उन्होंने कहा कि पुलिस कानूनी कार्रवाई के बारे में फैसला लेने से पहले पूरे भाषण और खुफिया एजेंसियों से मिली जानकारियों का विश्लेषण करेगी।

प्रमुख खबरें

Ireland पहली बार करेगा Pakistan का ऐतिहासिक दौरा, जनवरी 2027 में खेली जाएगी ODI सीरीज

सैम डेलरिम्पल की Shattered Lands को मिला कमलादेवी चट्टोपाध्याय NIF Book Prize 2026

Belly Fat घटाने के लिए रोजाना 15 मिनट करें ये Standing Exercises, कुछ हफ्तों में मिलेगी पतली कमर

US Export Ban के बाद खुले बाजार में आई Nvidia की एडवांस AI Chip की बाढ़