त्‍यौहारी सीजन में रेपो रेट में लगातार कटौती से बढ़ेगी घरों की मांग

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Oct 04, 2019

नयी दिल्ली। नीतिगत दर में 0.25 प्रतिशत की कटौती से निवेशकों की धारणा मजबूत होगी और त्योहारी मौसम में घरों की बिक्री बढ़ेगी। संपत्ति को लेकर परामर्श देने वाले विशेषज्ञों ने शुक्रवार को यह प्रतिक्रिया दी। हालांकि उनका कहना है कि रिजर्व बैंक को इस बार की कटौती तथा इससे पहले की कटौतियां का लाभ घर खरीदारों तक पहुंचना सुनिश्चित करना चाहिये। रियल्टी कंपनियों के मंच नारेडको के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ निरंजन हीरानंदानी ने कहा कि रेपो दर में कटौती आर्थिक वृद्धि को गति देने, मुद्रास्फीति को नियंत्रित रखने और उपभोग एवं निवेश बढ़ाने पर केंद्रित है। इसके साथ ही रिजर्व बैंक ने हाल ही में रेपो दर को ब्याज दर से जोड़ने का निर्णय लिया। इससे घर खरीदारों को मदद मिलेगी और उनका ईएमआई कम होगा।

इसे भी पढ़ें: RBI ने घटाई रेपो रेट पर लाल निशान पर शेयर बाजार, सेंसेक्स 434 अंक लुढ़का

एनरॉक के चेयरमैन अनुज पुरी ने कहा कि उपभोक्ता एफएमसीजी से लेकर वाहनों तक और निश्चित ही रीयल एस्टेट में भी कम खर्च कर रहे हैं। स्वाभाविक है कि रियल्टी क्षेत्र को रिजर्व बैंक से नीतिगत दर में कटौती की उम्मीद थी ताकि उपभोक्ताओं की धारणा को बल देने के लिये सरकार द्वारा किये गये उपायों को समर्थन मिले। हालांकि यह भी सुनिश्चित किया जाना चाहिये कि नीतिगत दर में कटौती का लाभ उपभोक्ताओं तक पहुंचे। सीबीआरई इंडिया के चेयरमैन एवं सीईओ अंशुमन मैगजीन ने कहा कि रेपो दर में कटौती का समय महत्वपूर्ण है। ऐसा अनुमान है कि त्योहारी मौसम में घरों की बिक्री में सुधार होगा। रिजर्व बैंक ने अपना काम कर दिया है। अब जिम्मेदारी बैंकों की है।

इसे भी पढ़ें: RBI के गवर्नर बोले- राजकोषीय घाटे के लक्ष्य को लेकर सरकार की प्रतिबद्धता पर संदेह नहीं

जेएलएल इंडिया के सीईओ एवं देश प्रमुख रमेश नायर ने कहा कि रेपो दर में लगातार कटौती रीयल एस्टेट के लिये उत्साहवर्धक है। यह घर खरीदने के लिये सबसे शानदार समय हो गया है। नाइट फ्रैंक इंडिया के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक शिशिर बैजल ने कहा कि रेपो दर में और अधिक कटौती की जानी चाहिये थी ताकि घरों की बिक्री को गति मिल सके। पोद्दार हाउसिंग एंड डेवलपमेंट लि के प्रबंध निदेशक और नारेडको (महाराष्ट्र) के संयुक्त सचिव रोहित पोद्दार ने कहा कि रिजर्व बैंक की मौद्रिक नीति समिति द्वारा ‘नीतिगत दर में कटौती के साथ साथ ‘नरम नीतगत रुख ’ बनाए रखने से कर्ज की दरें सस्ती होने की उम्मीद है। यह नीतिगत रुख अर्थव्यवस्था के सभी क्षेत्रों गतिविधियों को प्रोत्साहन देने वाला है।’

इसे भी पढ़ें: RBI ने घटाया ब्याज दर, जानिए इसकी मुख्य बातें..

हाउसिंग डॉट कॉम और प्रॉप टाइगर के समूह मुख्य कार्यकारी अधिकारी ध्रुव अग्रवाल ने कहा कि रिजर्व बैंक द्वारा रेपो दर में कटौती का यह निर्णय रीयल एस्टेट क्षेत्र के लिये हर्ष का विषय है जो कि पहले ही त्योहारी मौसम में बिक्री में सुधार की उम्मीद कर रहा था। पैराडाइम रियल्टी के प्रबंध निदेशक पार्थ मेहता ने कहा है कि वैश्विक चुनौतियों के बीच देश की अर्थव्यवस्था में इस समय दिख रही नरमी को दूर करने में घरेलू मांग को प्रोत्साहित करना सबसे जरूरी उपाय है। उन्होंने रपो दर में लगातार पांचवी कटौती का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई है कि इससे कर्ज सस्ता होगा और घरेलू उपभोग्ता मांग में तेजी आएगी। मेहता के अनुसार मुद्रास्फीति की नरमी को देखते हुए रेपो में अभी और कमी की गुंजाइश है।

प्रमुख खबरें

Ghaziabad CBI Court से Azam Khan को झटका, Jauhar University केस में ED को मिली 4 दिन की रिमांड

ZEEL Board ने 600 करोड़ रुपये के Share Buyback प्रस्ताव को दी मंजूरी

Akhilesh Yadav ने नहीं दिया भाव तो Owaisi और Chandrashekhar Azad ने उतारी गठबंधन की नाव, वोटकटवों का गठजोड़ क्या सीटें भी जीत पायेगा?

Russia Ukraine War: यूक्रेन का पारा हाई, 1000 ड्रोन से रूस पर हमला!