त्योहारी सीजन में Consumer Appliances की मूल्य बिक्री बढ़ी, पर LED TV की मांग घटी

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 09, 2026

नयी दिल्ली, नौ नवंबर त्योहारी मौसम में उपभोक्ता उपकरण कंपनियों की बिक्री मूल्य के लिहाज से बढ़ी है, जबकि उत्पादों की संख्या के लिहाज से प्रदर्शन विभिन्न श्रेणियों में असमान रहा और शुरुआती कीमत वाले उत्पादों की मांग पर दबाव बना रहा। उद्योग जगत के अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। घऱेलू उपभोक्ता उपकरण उद्योग ने कच्चे माल की लागत में बढ़ोतरी की भरपाई के लिए इस साल उत्पादों की कीमतें कई बार बढ़ाईं।

त्योहारी बिक्री के दौरान अक्टूबर में एयर कंडीशनर और अन्य उपकरणों की कीमतों में आठ प्रतिशत तक की वृद्धि की गई। इससे कीमतों के प्रति संवेदनशील भारतीय बाजार में ग्राहकों की खरीदारी प्रभावित हुई और कई लोगों ने खरीदारी टाल दी। नवरात्रि से लेकर धनतेरस तक की त्योहारी अवधि में इस साल एलईडी टेलीविजन की बिक्री मात्रा पिछले साल की समान अवधि के मुकाबले 15-20 प्रतिशत घट गई।

गोदरेज एंटरप्राइजेज समूह के उपकरण कारोबार के प्रमुख एवं कार्यकारी उपाध्यक्ष कमल नंदी ने कहा कि कंपनी ने नौ अक्टूबर से छह नवंबर की त्योहारी अवधि में 50 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि दर्ज की, जबकि पूरे उद्योग की वृद्धि 20-25 प्रतिशत रहने का अनुमान है। उन्होंने कहा कि कंपनी की वृद्धि में एयर कंडीशनर का सबसे बड़ा योगदान रहा, जिसके बाद रेफ्रिजरेटर का स्थान रहा। हालांकि, तुलनीय आधार पर इस साल त्योहारी मौसम में बिक्री की मात्रा के लिहाज से प्रदर्शन पिछले साल के मुकाबले पांच से सात प्रतिशत कमजोर रहा।

टेलीविजन ब्रांड थॉमसन, कोडक और ब्लॉपंक्ट का विनिर्माण एवं विपणन करने वाली कंपनी एसपीपीएल के निदेशक अवनीत सिंह मारवाह ने कहा कि त्योहारी सीजन में टीवी की बिक्री मात्रा 15-20 प्रतिशत घटी। प्रीमियम मॉडल की मांग बनी रही, लेकिन शुरुआती कीमत वाले उत्पादों की बिक्री पर काफी असर पड़ा। उन्होंने कहा कि पहली बार 32 इंच के टेलीविजन की बिक्री में भी दहाई अंक की गिरावट दर्ज की गई है।

उन्होंने कहा कि उद्योग में आम तौर पर वृद्धि मुख्य रूप से प्रीमियम श्रेणी में केंद्रित रही है। इससे बिक्री की मात्रा बढ़े बिना उनका मूल्य बढ़ रहा है। हालांकि, 4के टेलीविजन की बिक्री में वृद्धि हुई है और अब इनकी हिस्सेदारी फुल एचडी मॉडल के लगभग बराबर पहुंच गई है।

वहीं, ब्लू स्टार कंपनी के प्रबंध निदेशक बी. त्यागराजन ने कहा कि कंपनी के रूम एयर कंडीशनर कारोबार में त्योहारी अवधि के दौरान मात्रा और मूल्य, दोनों के लिहाज से 35 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि हुई। उन्होंने कहा कि कंपनी को अब भी लाभ मार्जिन पर दबाव का सामना करना पड़ रहा है, क्योंकि वह साल के दौरान बढ़ाई गई कीमतों का पूरा बोझ ग्राहकों पर नहीं डाल पाई है। उन्होंने कहा कि दिवाली के बाद कीमतों और मार्जिन में सुधार की उम्मीद है, क्योंकि त्योहार से पहले डीलर द्वारा पर्याप्त भंडार जमा किया गया था।

उद्योग की रिपोर्ट के अनुसार, दक्षिण भारत में ओणम से शुरू होकर दशहरा और दिवाली तक चलने वाला त्योहारी मौसम उपकरण विनिर्माताओं की सालाना बिक्री में करीब 30-40 प्रतिशत योगदान देता है।

प्रमुख खबरें

Manipur के सेनापति जिले में दो युवकों की हत्या की जांच NIA को सौंपी गई

उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस पर Pushkar Singh Dhami ने की 13 बड़ी घोषणाएं

Jammu में आग प्रभावित व्यापारियों को तत्काल मुआवजा दे प्रशासन, BJP ने उठाई मांग

2 दिन हैं तुम्हारे पास, याद रख लो...चुनाव में पिटे ट्रंप को ईरान की आखिरी वॉर्निंग