शरबत जिहाद पर तेज हुआ विवाद, गुरु रामदेव के खिलाफ दिग्विजय सिंह ने थाने में दर्ज कराई शिकायत

By अंकित सिंह | Apr 15, 2025

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने मंगलवार को योग गुरु रामदेव के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के लिए पुलिस से संपर्क किया और उन पर शरबत जिहाद पर अपने कथित बयान के जरिए धार्मिक नफरत फैलाने का आरोप लगाया। एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि सिंह द्वारा दर्ज की गई शिकायत की जांच की जाएगी। मध्य प्रदेश से राज्यसभा सदस्य सिंह ने भोपाल के टीटी नगर पुलिस स्टेशन का दरवाजा खटखटाया और मांग की कि भारतीय न्याय संहिता और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 196 (1) (ए) और 299 के तहत मामला दर्ज किया जाए।

उन्होंने आरोप लगाया कि रामदेव ने पतंजलि के इसी तरह के उत्पाद का प्रचार करते हुए इसे शरबत जिहाद करार दिया था। पूर्व मुख्यमंत्री सिंह ने कहा, "रामदेव का यह बयान धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला और द्वेष से भरा है तथा धार्मिक भावनाओं पर प्रतिकूल प्रभाव डालता है और यह भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 196 (1) (ए), 299 और आईटी अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत दंडनीय अपराध है।" इससे पहले दिन में सिंह ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए आरोप लगाया कि "व्यवसायी" रामदेव ने अपने उत्पादों को बेचने के लिए धर्म और राष्ट्रवाद का सहारा लेकर करोड़ों रुपये का साम्राज्य खड़ा किया है।

इसे भी पढ़ें: जल्द सीट बंटवारे पर फोकस, पिछली गलतियों से सबक... खड़गे-तेजस्वी की बैठक पर इन मुद्दों पर रहा जोर

ज्ञात हो कि रामदेव का एक वीडियो पिछले कई दिनों से सोशल मीडिया पर वायरल है। इसमें वह पतंजलि के शरबत का प्रचार करने के दौरान यह कहते हुए देखे और सुने जा सकते हैं कि शरबत के नाम पर एक कंपनी है जो शरबत तो देती है लेकिन शरबत से जो पैसा मिलता है उससे मदरसे और मस्जिदें बनवाती है। रामदेव ने कहा, ‘‘अगर आप वो शरबत पिएंगे तो मस्जिद और मदरसे बनेंगे और पतंजलि का शरबत पिएंगे तो गुरुकुल बनेंगे, आचार्य कुलम बनेगा, पतंजलि विश्वविद्यालय और भारतीय शिक्षा बोर्ड आगे बढ़ेगा। इसलिए मैं कहता हूं ये ‘शरबत जेहाद’ है। जैसे ‘लव जेहाद’, ‘वोट जेहाद’ चल रहा है वैसे ही ‘शरबत जेहाद’ भी चल रहा है।’’ 

प्रमुख खबरें

Asian Games: 10m Air Rifle टीम स्पर्धा में भारत को रजत पदक

भारतीय तैराक Srihari Nataraj ने 50m बैकस्ट्रोक फाइनल में बनाई जगह

UP Assembly Election 2027: BJP को रोकने के लिए AIMIM चीफ Owaisi ने विपक्षी दलों से मांगा साथ

Kerala University में राजनीतिक गतिविधियों पर रोक का ड्राफ्ट नियम, कर्मचारी यूनियन ने जताया विरोध