मूर्खों के देश में कोरोना काल

By पीयूष पांडे | Mar 31, 2020

मूर्ख और अक्लमंद में कौन बड़ा है? इस सवाल का जवाब देने के लिए ज्यादा अक्ल की आवश्यकता नहीं है। क्योंकि जवाब है मूर्ख बड़ा है। ऐसा नहीं होता तो पूरी दुनिया में मूर्ख दिवस नहीं मनाया जाता। आप स्वयं सोचिए कि आखिर अक्लमंदों की अक्लमंदी को मान्यता देने के लिए कोई दिवस क्यों नहीं है? क्या अक्लमंद नहीं चाहते कि उन्हें भी सम्मानित किया जाए? उनकी अक्लमंदी को सलाम करने के लिए भी एक दिन आरक्षित हो? निश्चित रुप से चाहते होंगे लेकिन मूर्खों के सामने कौन टिका है भला? मूर्खों के विषय में आदिकाल से इतना कुछ लिखा जा चुका है कि कोई भी सो कॉल्ड अक्लमंद उनके विषय में नया कुछ नहीं लिख सकता। इसलिए कृपया मुझसे कुछ नए की उम्मीद ना करें।

इसे भी पढ़ें: प्रो.कोरोना की क्लास में हम (व्यंग्य)

कोरोना वायरस भी ऐसे मूर्खों को देखकर कई बार सोचता होगा- "गुरु कैसे मूर्खों के पास आ गया हूं, जिन्हें अपनी जान की चिंता तो नहीं ही है, अपने परिवार-दोस्तों और आसपास के लोगों की भी चिंता नहीं है।" कोरोना काल में ही मूर्खों की एक और कैटेगरी दिखायी दी, जो व्हाट्सएप यूनिवर्सिटी से मिले ज्ञान को बिना देखे खुद पर आजमाते हुए अस्पताल के चक्कर लगा रही है।  

एक पिद्दी से कोरोना के चक्कर में अक्लमंदों का नकाब ओढ़े कई मूर्खों की मुश्किल इतनी बढ़ गई है कि घर टूटने को हैं। ये मूर्ख बीबी से बैंगलोर-तिरुपति वगैरह का झूठ बोलकर बैंकॉक-पटाया में मौज मस्ती करके लौटे थे। कानून के हाथ भले लंबे हो ना हों, लेकिन कोरोना के हाथ बहुत लंबे निकले। विदेश से लौटते ही ऐसे कई झूठे पतियों के घर की दीवार पर पुलिस ने क्वरंटाइन रहने के पोस्टर चिपकाए तो झूठ के साथ पूरे मुहल्ले में इनकी मूर्खता का भी पर्दाफाश हो गया।

इसे भी पढ़ें: हाथ धोना बनाम हाथ की सफाई (व्यंग्य)

जिस तरह कोरोना का संक्रमण फैल रहा है, हद ये कि उसी तरह कोरोना को मजाक समझने वाले मूर्ख भी मूर्खता का संक्रमण फैला रहे हैं। मूर्ख दिवस पर इन मूर्खों से हाथ जोड़कर विनती है कि भइया मूर्खता के लिए उम्र पड़ी है, अभी जिंदा रहने लायक थोड़ी अक्लमंदी कर लो।

- पीयूष पांडे

प्रमुख खबरें

IPL 2026: CSK ने दिल्ली को मात देकर दर्ज की पहली जीत, संजू सैमसन ने खेली बेहतरीन पारी

US Iran Peace Talks: अमेरिका में रह रहे ईरानी मूल के लोगों पर कार्रवाई - ट्रंप प्रशासन ने ग्रीन कार्ड छीने

Hormuz जलडमरूमध्य में US Navy का एक्शन, Trump बोले- दुनिया के लिए हम कर रहे हैं रास्ता साफ

Land for Jobs Scam: लालू यादव ने Delhi High Court को दी चुनौती, अब Supreme Court में होगी सुनवाई