लॉकडाउन के बावजूद नहीं थम रहा कोरोना वायरस का कहर, दुनियाभर में मृतकों की संख्या 50,000 के पार

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Apr 03, 2020

वाशिंगटन। कोरोना वायरस का प्रकोप थमने का नाम नहीं ले रहा है और दुनियाभर में इससे संक्रमित लोगों की संख्या 10 लाख के पार चली गई है तथा 50,000 लोग जान गंवा चुके हैं। अभी तक एक दिन में सबसे अधिक मौत की संख्या अमेरिका से सामने आई है। आधी से ज्यादा दुनिया के लॉकडाउन जैसे हालात में रहने के बावजूद यह विषाणु तेजी से फैल रहा है और अमेरिका, स्पेन तथा ब्रिटेन में हालात बेहद खराब हो गए हैं। इस वैश्विक महामारी से अर्थव्यवस्था भी चरमरा रही है। नए आंकड़ों के अनुसार, 66.5 लाख अतिरिक्त अमेरिकियों ने पिछले सप्ताह बेरोजगारी लाभ के लिए हस्ताक्षर किए। इसके साथ ही मार्च के पिछले दो हफ्तों में एक करोड़ लोग अपनी नौकरी गंवा चुके हैं। अर्थशास्त्रियों ने आगाह किया कि हालात और बिगड़ने वाले हैं। वित्तीय रेटिंग एजेंसी फिच ने बृहस्पतिवार को अनुमान जताया कि अमेरिका और यूरोजोन की अर्थव्यवस्थाएं इस तिमाही में 30 प्रतिशत तक सिकुडेंगी।

 विश्व नेताओं ने इस संकट से निपटने के लिए बड़े वित्तीय सहायता पैकेजों की घोषणा की है और विश्व बैंक ने बृहस्पतिवार को 15 महीनों में 160 अरब डॉलर आपात नकदी जारी करने की योजना को मंजूरी दी। जॉन्स हॉप्किन्स विश्वविद्यालय के आंकड़ों के अनुसार अमेरिका में इस संक्रामक रोग से करीब 6,000 लोगों की मौत हो गई है। इनमें से 1,100 से अधिक लोगों की मौत पिछले 24 घंटे में हुई। व्हाइट हाउस के विशेषज्ञों का कहना है कि इस बीमारी से 100,000 से 2,40,000 अमेरिकी जान गंवा सकते हैं। अमेरिका की करीब 85 प्रतिशत आबादी किसी न किसी तरह से घरों में सिमटी हुई है। पिछले कुछ हफ्तों से यूरोप इस संकट का केंद्र बना हुआ है लेकिन ऐसे संकेत मिले हैं कि यह महामारी वहां चरम पर पहुंच सकती है। स्पेन और ब्रिटेन में 24 घंटे के दौरान क्रमश: 950 और 569 लोगों की मौत हुई है।

इसे भी पढ़ें: चीन कोरोना वायरस मृतकों की याद में 4 अप्रैल को शोक दिवस मनाएगा

अकेले इटली और स्पेन में ही पूरी दुनिया में मरने वाले लोगों की आधी संख्या है लेकिन विशेषज्ञों का कहना है कि दोनों देशों में नए संक्रमण के मामले कम हो रहे हैं। इस विषाणु ने मुख्यत: बुजुर्ग और पहले से बीमार लोगों को अपना निशाना अधिक बनाया है लेकिन किशोरों और यहां तक कि छह माह की एक बच्ची की मौत के मामलों ने सभी आयु वर्ग के लोगों के लिए खतरा पैदा कर दिया है। ब्रिटेन में प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने ‘‘बड़ी संख्या में लोगों की जांच’’ करने का आह्वान किया। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि आने वाले हफ्तों में एक दिन में 100,000 लोगों की जांच करने का लक्ष्य है। खुद कोविड-19 की चपेट में आए जॉनसन की बड़े पैमाने पर जांच न कराने के लिए आलोचना की गई। रूस में राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 3,500 होने पर अप्रैल के अंत तक ‘वैतनिक गैर कामकाजी अवधि’ बढ़ा दी है। रूस की ज्यादातर आबादी बंद जैसे हालात में रह रही है।

इसे भी देखें- Doctors पर बढ़े हमले, Corona से India में 53 मरे, Jamaat के 960 विदेशियों के वीजा रद्द 

प्रमुख खबरें

F&O Trading में घाटे का डर: SEBI के कड़े नियमों के बाद भी निवेशकों को औसतन ₹1.16 Lakh का भारी Loss

Data Privacy के साथ Meta का नया धमाका, Muse Glimmer AI Model अब सीधे आपके PC पर होगा डाउनलोड और कंट्रोल

ट्रंप मीडिया को $238 Million का भारी घाटा, Bitcoin और Crypto बाजार में गिरावट ने बढ़ाई Donald Trump की टेंशन

Banking Sector में UPI जैसा बदलाव लाएगा AI, कर्ज देने के पुराने तरीके बदलेंगे RBI Governor Sanjay Malhotra