By अंकित सिंह | Mar 29, 2023
कर्नाटक में विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान हो गया है। इसके साथ ही वहां की राजनीति गर्म होती दिखाई दे रही है। विपक्ष कर्नाटक में भ्रष्टाचार को बड़ा मुद्दा बनाता दिखाई दे रहा है। हालांकि, भाजपा की ओर से भी पलटवार किया गया है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि कर्नाटक में 40% की सरकार है। उन्होंने आरोप लगाया कि वहां एक-एक MLA के पास 8-10 करोड़ है लेकिन उनपर कोई एक्शन नहीं होता। विपक्ष के नेता जिनके पास कुछ नहीं मिलता उनके लिए ED, CBI को बुलाते हैं। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि कांट्रेक्टर खुद प्रधानमंत्री को खत लिखते हैं लेकिन कुछ नहीं होता।
चुनाव को लेकर डीके शिवकुमार ने कहा कि कांग्रेस चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार है, हम चाहते हैं कि इस सरकार को बर्खास्त किया जाए। उन्होंने कहा कि यह चुनाव विकासोन्मुखी और भ्रष्टाचार मुक्त प्रदेश और देश के लिए होगा। भ्रष्टाचार चरम पर है और पीएम मोदी ने इसे बढ़ावा दिया, उन्होंने अपनी पार्टी के नेताओं के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की। आपको बता दें कि कर्नाटक में आज विधानसभा चुनावों का बिगुल बज गया। मुख्य निर्वाचन आयुक्त राजीव कुमार ने आज विधानसभा चुनाव तारीखों का ऐलान किया इसी के साथ ही राज्य में आदर्श चुनाव आचार संहिता भी लागू हो गयी है। चुनाव कार्यक्रम के मुताबिक राज्य में एक ही चरण में चुनाव कराया जायेगा। कर्नाटक में 10 मई को मतदान कराया जायेगा और 13 मई को मतगणना का काम किया जायेगा।