देश सुरक्षित हाथों में है, देश से ऊपर कुछ भी नहीं है: नरेंद्र मोदी

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Feb 26, 2019

चुरू। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को कहा कि देश सुरक्षित हाथों में है और देश से ऊपर कुछ भी नहीं है। नियंत्रण रेखा के पार आतंकी शिविरों पर भारतीय वायुसेना की कार्रवाई का जिक्र किए बिना मोदी ने सौगंध मुझे इस मिट्टी की, मैं देश नहीं मिटने दूंगा... कविता पढ़ी और कहा कि उनके लिए खुद से बड़ा दल और दल से बड़ा देश है। इसके साथ ही प्रधानमंत्री ने राजस्थान की सरकार पर आरोप लगाया कि वह केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना और आयुष्मान भारत योजना में सहयोग नहीं कर रही है जिसकी वजह से इनका लाभ राज्य के किसानों और आम जनता को नहीं मिला।

इसे भी पढ़ें: वायुसेना की कार्यवाई के बाद सिद्धू ने बदला राग, कहा- लोहा लोहे को काटता है

प्रधानमंत्री ने आगे कहा कि देश से बढ़कर कुछ नहीं होता। देश सर्वोपरि है। मोदी ने अपने लगभग आधे घंटे के भाषण में सैन्य कार्रवाई का जिक्र तो नहीं किया लेकिन एक बार मुस्कुराते हुए जनता से कहा, ‘आज आपका मिजाज कुछ और ही लग रहा है।’ इसके बाद उन्होंने यह कविता पढ़ी:- 'सौगंध मुझे इस मिट्टी की, मैं देश नहीं मिटने दूंगा। ‘मैं देश नहीं रुकने दूंगा, मैं देश नहीं झुकने दूंगा।' उन्होंने कहा कि हमें फिर से दोहराना है और खुद को याद दिलाना है। न हम भटकेंगे, न हम अटकेंगे, कुछ भी हो हम देश नहीं मिटने देंगे।

मोदी ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का कार्यान्वयन इसलिए कर सकी है क्योंकि हमारे लिए खुद से बड़ा दल है और दल से भी बड़ा देश है। इसी भावना के साथ हम निरंतर देश के प्रत्येक जन की सेवा में लगे हुए हैं। उन्होंने कहा कि देश से बढ़कर हमारे लिए कुछ नहीं है। देश की सेवा करने वालों को, देश के निर्माण में लगे हर व्यक्ति को आपका ये प्रधानसेवक नमन करता है। ‘वन रैंक वन पेंशन’ योजना के कार्यान्वयन का जिक्र करते हुए मोदी ने कहा, 'हमने शहीदों के परिवारों से, पूर्व सैनिकों से वन रैंक वन पैंशन को लागू करने का वादा किया था और मुझे खुशी है कि चूरू और राजस्थान के हजारों परिवारों सहित देश भर के 20 लाख से अधिक सैनिक परिवारों को वन रैंक वन पैंशन का लाभ मिल चुका हैं। इस योजना के लागू होने के बाद हमारी सरकार 35000 करोड़ रूपये फौजी परिवारों को वितरित कर चुकी है।'

इसे भी पढ़ें: PoK में हुए हवाई हमलों के बाद गुजरात में हवाई अलर्ट

प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना और आयुष्मान भारत योजना सहित विभिन्न योजनाओं का जिक्र करते हुए मोदी ने कहा कि ये बदला हुआ भारत है, जो नई रफ्तार से काम कर रहा है। उन्होंने कहा, ‘मुझे इस बात का गर्व है कि पिछले साढ़े चार साल में गरीबों के लिए डेढ़ करोड़ से ज्यादा मकान बन चुके हैं। जब हमने पीएम किसान योजना की घोषणा की थी तो लोग कहते थे कि ये नहीं हो पाएगा, ये नामुमकिन है। लेकिन नामुमकिन अब मुमकिन है, क्योंकि ये मोदी सरकार है।' मोदी ने कहा, ‘गरीब का, किसान का, जवान का और नौजवान को सम्मान देने का प्रयास अगर संभव हो पा रहा है, तो इसके पीछे एक ही ताकत है। ये ताकत है आपकी, आपके एक वोट की। आपका ही वोट है जिसने 2014 में केंद्र में एक मजबूत सरकार बनाई थी, जिसका दम दुनिया आज देख रही है। अब आपका ही वोट मजबूर और कमजोर सरकार का सपना देखने वालों को जवाब देगा। अब आपका ही वोट मुझे और भाजपा को पहले से भी अधिक मजबूती देगा। यह मेरा विश्वास है।’

इसके साथ ही मोदी ने अपने भाषण में राजस्थान की कांग्रेस सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना और आयुष्मान भारत योजना में राज्य सरकार सहयोग नहीं कर रही है जिसकी वजह से इनका लाभ राज्य के किसानों एवं आम जनता को नहीं मिला है। मोदी ने कहा कि दो दिन पहले शुरू हुई प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना से देशभर के एक करोड़ से अधिक किसानों के बैंक खाते में दो हज़ार रुपए की पहली किस्त पहुंच गई है। उन्होंने आगे कहा, ‘लेकिन दुख की बात यह है कि परसों जिन एक करोड़ से अधिक किसान परिवारों को मोदी सरकार की तरफ से सीधी मदद की पहली किस्त पहुंची, उनमें चुरू का, राजस्थान का एक भी किसान परिवार नहीं था। ऐसा इसलिए है क्योंकि यहां की सरकार ने अभी तक केंद्र सरकार को पात्र किसानों की सूची ही नहीं भेजी है।'

इसे भी पढ़ें: वायुसेना के हमले पर उमर अब्दुल्ला ने कहा, यह बिल्कुल नया खेल है

मोदी ने कहा कि किसानों का कल्याण, देश के गरीब का कल्याण हमारी सरकार के प्राथमिकताओं में है। लेकिन जब उनसे जुड़ी योजनाओं पर भी राजनीति की जाती है तो दुख होता है। इसके साथ ही मोदी ने आयुष्मान भारत योजना का जिक्र करते हुए भी राज्य सरकार पर सहयोग नहीं करने का आरोप लगाया। राजस्थान का चुरू उस शेखावाटी इलाके में आता है जहां से बड़ी संख्या में लोग देश की सेना और अन्य सैन्य बलों में हैं। सभा में बड़ी संख्या में लोग थे। सभा में पाकिस्तान के खिलाफ नारे भी लगे। केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल, पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे और पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष मदन लाल सैनी सहित अनेक प्रादेशिक नेता मंच पर मौजूद थे।

प्रमुख खबरें

Silver Hallmarking में भारी उछाल: देशभर में नए केंद्रों के साथ Bureau of Indian Standards करेगा बड़ा विस्तार

Income Tax अलर्ट: REIT-InvIT से होने वाली कमाई पर बदल गए नियम, ITR फाइलिंग में रखें खास ध्यान

Global Oil Crisis: होर्मुज संकट से $84 के पार पहुंचा Brent Crude, ईरान-अमेरिका में बढ़ी तकरार

India Neighborhood First policy: बांग्लादेश से लेकर नेपाल तक भारत का बड़ा गेम, पलटा पासा !