By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 18, 2026
चीन की दिग्गज दूरसंचार कंपनी हुआवेई टेक्नोलॉजीज के खिलाफ आपराधिक साजिश के मुकदमे की सुनवाई मंगलवार को अंतिम चरण में पहुंच गई। अभियोजन पक्ष ने अदालत से कहा कि कंपनी ने ईरान को अपने नागरिकों की जासूसी करने और अमेरिकी कंपनियों से चोरी करने में मदद की, जबकि बचाव पक्ष के वकील ने अमेरिका पर झूठी कहानी गढ़ने का आरोप लगाया। ब्रुकलिन की संघीय अदालत में करीब दो महीने तक चली सुनवाई के बाद बचाव पक्ष के वकील ब्रायन हेबरलिग ने अपनी अंतिम दलील में कहा कि संघीय अभियोजकों ने पहले ही हुआवेई को आपराधिक संगठन मान लिया था और इसी धारणा के आधार पर उसके खिलाफ मामला तैयार किया।
उनकी यह दलील अमेरिकी सहायक अटॉर्नी मरेडिथ अरफा के एक दिन पहले दिए गए बयान के बाद आई। अरफा ने कहा था कि हुआवेई ने दो दशकों तक 170 देशों में काम करने वाले अपने दो लाख से अधिक कर्मचारियों को प्रतिस्पर्धात्मक लाभ हासिल करने और कारोबार बढ़ाने के लिए झूठ बोलने, धोखाधड़ी करने और चोरी करने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने आरोप लगाया कि कंपनी ने अमेरिकी कंपनियों, वित्तीय प्रणाली और सरकार को निशाना बनाकर अपराध किए तथा ईरान को अपने नागरिकों की जासूसी करने के लिए उपकरण उपलब्ध कराए।
हुआवेई दुनिया में वायरलेस दूरसंचार नेटवर्क के उपकरणों की सबसे बड़ी आपूर्तिकर्ता कंपनी है। हालांकि, सुरक्षा संबंधी चिंताओं के कारण उसे अमेरिका की दूरसंचार कंपनियों को उपकरण बेचने की अनुमति नहीं है। ब्रिटेन और कनाडा समेत कई अन्य पश्चिमी देशों ने भी उसके उत्पादों पर प्रतिबंध लगाए हैं।
हेबरलिग ने कंपनी की उल्लेखनीय वृद्धि का श्रेय उसकी इंजीनियरिंग क्षमता, निवेश, नवाचार और प्रतिस्पर्धा को दिया। उन्होंने कहा कि अभियोजन पक्ष ने कुछ कर्मचारियों की गलतियों को आधार बनाया, जिन्हें उनकी गड़बड़ियां सामने आने के बाद कंपनी ने नौकरी से निकाल दिया था। उन्होंने यह भी कहा कि अभियोजकों ने कई मामलों में कंपनी पर प्रतिस्पर्धियों की बौद्धिक संपदा चुराने का आरोप लगाया, जबकि संबंधित सामग्री पहले से सार्वजनिक थी।
उन्होंने कहा, जिस चीज को गुप्त रखा ही नहीं गया हो, उसे चुराने का सवाल ही नहीं उठता। हुआवेई मोबाइल फोन और अन्य उपभोक्ता इलेक्ट्रॉनिक उत्पाद भी बनाती है, लेकिन उसे कारोबार के कुछ अन्य क्षेत्रों से बाहर कर दिया गया है। हाल के वर्षों में कृत्रिम मेधा (एआई) के बढ़ते इस्तेमाल के कारण माइक्रोप्रोसेसरों की मांग बढ़ने के बीच कंपनी ने चिप निर्माण के क्षेत्र में भी विस्तार किया है।
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के पहले कार्यकाल के दौरान उनके प्रशासन ने हुआवेई को राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा बताते हुए पश्चिमी देशों से अगली पीढ़ी के ‘हाई-स्पीड वायरलेस नेटवर्क’ में कंपनी के उपकरणों का इस्तेमाल नहीं करने की अपील की थी। अमेरिका ने 2019 की शुरुआत में कंपनी के खिलाफ आपराधिक आरोप घोषित किए थे और बाद में आरोपों का दायरा बढ़ाया। चीन के अधिकारियों ने अमेरिका पर आर्थिक दबाव बनाने और चीनी कंपनियों को निशाना बनाने के लिए राष्ट्रीय सुरक्षा को बहाने के रूप में इस्तेमाल करने का आरोप लगाया है।