सीआर पाटिल का दावा, नवंबर अंत तक समाप्त हो जाएंगे गुजरात विधानसभा चुनाव

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Sep 26, 2022

अहमदाबाद। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की गुजरात इकाई के प्रमुख सीआर पाटिल ने सोमवार को दावा किया कि राज्य में पिछले दो विधानसभा चुनावों के उलट आगामी चुनाव नवंबर के अंत तक समाप्त होने की संभावना है। गुजरात में पिछले दो विधानसभा चुनाव दिसंबर के मध्य तक चले थे। पाटिल अहमदाबाद से लगभग 80 किलोमीटर दूर आणंद में पन्ना समिति के एक सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। हालांकि, उन्होंने साथ ही यह भी कहा कि यह उनका ‘‘राजनीतिक अनुमान’’ है और उन्होंने किसी भी चुनाव प्राधिकारी से बात नहीं की है। विपक्षी कांग्रेस ने पाटिल के बयान को लेकर निशाना साधा। कांग्रेस के नेता दीपक बाबरिया ने दावा किया कि इससे पता चलता है कि भाजपा शासित केंद्र सरकार ने चुनाव आयोग जैसे संवैधानिक निकायों को किस तरह से ‘‘कमजोर कर दिया है और नियंत्रण में कर लिया है।’’ 

इसे भी पढ़ें: गुजरात : केजरीवाल ने दलित व्यक्ति को परिवार सहित दिल्ली में भोज पर आमंत्रित किया

पाटिल ने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि (विधानसभा) चुनाव नवंबर के अंत तक खत्म हो जाएगा। 2012 और 2017 के (विधानसभा चुनाव के) दौरान चुनाव 12 दिसंबर तक खत्म हुए थे। मुझे यह किसी ने नहीं बताया है और न ही मैंने इस बारे में किसी से बात की है।’’ वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव दो चरणों में 9 और 14 दिसंबर को हुए थे और वोटों की गिनती 18 दिसंबर को हुई थी। 2012 के चुनाव भी दो चरणों में 13 और 17 दिसंबर को हुए थे और परिणाम 20 दिसंबर को घोषित किए गए थे। वर्तमान गुजरात विधानसभा का कार्यकाल 18 फरवरी, 2023 को समाप्त होना है। पाटिल ने कहा कि वह मतदान की तारीखों की घोषणा करने के लिए अधिकृत नहीं हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सतर्क और तैयार रहने का आह्वान किया। कांग्रेस द्वारा भाजपा पर निशाना साधे जाने के बाद पाटिल ने बाद में स्पष्ट किया कि उनका बयान केवल गुजरात और हिमाचल प्रदेश में चुनाव आयोग की गतिविधियों पर आधारित है। पाटिल ने वडोदरा में संवाददाताओं से कहा, ‘‘चुनाव आयोग ने जिस तरह से अधिकारियों को चुनाव की तैयारियां करने के लिए सूचित किया है, मुझे लगता है कि चुनाव (सामान्य तारीख से) 8-10 दिन पहले नवंबर के अंत तक समाप्त हो सकता है। मैंने स्पष्ट कर दिया था कि मैंने इस बारे में किसी से भी बात नहीं की है और यह सिर्फ मेरा राजनीतिक अनुमान है।’’ 

प्रमुख खबरें

Delhi Police ने 2021 के मर्डर केस में भगोड़ा हरीश उर्फ पिलुआ पकड़ा

न्यूयॉर्क में ICE अधिकारियों की कार्रवाई, कार से टक्कर मारने वाले व्यक्ति पर चलाई गोली

Lilavati Hospital Trust वित्तीय धोखाधड़ी मामला: Mumbai Sessions Court ने FIR के आदेश को सही ठहराया

Ranchi T20: Shai Hope के नाबाद शतक से जीता West Indies, सीरीज 1-1 से बराबर