By एकता | Nov 05, 2026
आखिरकार सर्दियों का मौसम आ गया है। ऐसे में गरमागरम सूप पीने का मजा ही कुछ और होता है। ठंडी शाम हो या रात का खाना, एक कटोरी गर्म सूप शरीर को सुकून देने के साथ स्वाद का भी अच्छा अनुभव देती है। आमतौर पर लोग सर्दियों में टमाटर या हॉट एंड सॉर सूप पीना पसंद करते हैं, लेकिन इस बार कुछ नया ट्राई करना चाहते हैं तो क्रीमी पोटैटो और फूलगोभी सूप बना सकते हैं।
खाने-पीने से जुड़े कंटेंट क्रिएटर अजय राघव ने इस स्वादिष्ट सूप की रेसिपी साझा की है। आलू, फूलगोभी और ताजी क्रीम से बनने वाला यह सूप गाढ़ा, मुलायम और स्वाद से भरपूर है।
- 1 बड़ी फूलगोभी (करीब 500 ग्राम), छोटे टुकड़ों में कटी हुई
- 2 मध्यम आकार के आलू, छीलकर कटे हुए
- 1 बड़ा प्याज, मोटा कटा हुआ
- हरा धनिया की जड़ें
- 5-6 लहसुन की कलियां
- 2 तेजपत्ते
- आधा छोटा चम्मच साबुत काली मिर्च
- 1 बड़ा चम्मच जैतून का तेल या मक्खन
- 3 कप सब्जियों का शोरबा या पानी
- आधा कप दूध या ताजी क्रीम
- स्वादानुसार नमक
- ताजी कुटी हुई काली मिर्च
- 2 बड़े चम्मच कटा हुआ ताजा पार्सले
सबसे पहले सब्जियों को भूनें: एक बड़े बर्तन में जैतून का तेल या मक्खन गर्म करें। इसमें कटा हुआ प्याज, आलू, धनिया की जड़ें, लहसुन, तेजपत्ता और साबुत काली मिर्च डालें। सभी चीजों को 2-3 मिनट तक भूनें।
फूलगोभी और पानी डालें: अब इसमें कटी हुई फूलगोभी, स्वादानुसार नमक और 3 कप सब्जियों का शोरबा या पानी डालें। बर्तन को ढककर 15-20 मिनट तक पकाएं। सब्जियां पूरी तरह नरम हो जानी चाहिए।
तैयार मिक्सचर को पीस लें: सब्जियां पकने के बाद बर्तन से तेजपत्ते निकाल दें। अब पूरे मिक्सचर को मिक्सर में डालकर अच्छी तरह पीस लें। इसे तब तक पीसें, जब तक एकदम मुलायम और क्रीमी मिक्सचर तैयार न हो जाए।
दूध या क्रीम मिलाएं: अब तैयार सूप को वापस बर्तन में डालें। इसमें आधा कप दूध या ताजी क्रीम मिलाएं। अगर आपको ज्यादा गाढ़ा और क्रीमी सूप पसंद है, तो क्रीम का इस्तेमाल कर सकते हैं।
मसाले डालकर पकाएं: आखिर में ताजी कुटी हुई काली मिर्च और कटा हुआ पार्सले डालें। इसे 2-3 मिनट तक धीमी आंच पर पकाएं। बस तैयार है आपका गरमागरम क्रीमी पोटैटो और फूलगोभी सूप। इसे गर्मागर्म परोसें और सर्दियों की शाम का मजा लें।