Delhi के चावड़ी बाजार में इमारत ढहने से दो की मौत, जेई और एई निलंबित

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 05, 2026

नयी दिल्ली, पांच नवंबर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने पुरानी दिल्ली के चावड़ी बाजार में एक निर्माणाधीन तीन मंजिला इमारत ढहने की घटना की बृहस्पतिवार को जांच के आदेश दिए, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई और पांच अन्य घायल हुए हैं। इसके साथ ही उन्होंने अधिकारियों को ठेकेदार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने संबंधित कनिष्ठ अभियंता (जेई) और सहायक अभियंता (एई) को तुरंत निलंबित करने के भी आदेश दिए।

गुप्ता ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ घटनास्थल का दौरा किया और कहा कि सुरक्षा मानदंडों की अनदेखी करने वाले किसी भी अधिकारी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने जनता से भी निर्माण के दौरान सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की। गुप्ता ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा, ‘‘यहां भूतल के साथ दो मंजिला इमारत का निर्माण चल रहा था।

मामले की आगे की जांच जारी है। हालांकि, नगर निगम ने अपने जेई और एई को निलंबित कर दिया है और इस इमारत का निर्माण करा रहे ठेकेदार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘लोग अपने घरों का निर्माण करते समय जिस तरह से सुरक्षा को नजरअंदाज कर रहे हैं, वह उनके अपने जीवन के लिए खतरनाक है। चाहे कोई भी निर्माण हो, उसे सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ही किया जाना चाहिए, और ऐसी लापरवाही को नजरअंदाज करने वाले किसी भी अधिकारी को बख्शा नहीं जाएगा।’’ मुख्यमंत्री ने कहा कि प्राथमिकी में जिनका भी नाम होगा, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

गुप्ता के साथ मौके पर पहुंचे शहरी विकास मंत्री आशीष सूद ने कहा कि सरकार पुरानी दिल्ली के विरासत क्षेत्रों में निर्माण के लिए नए मानदंड लागू करने की योजना बना रही है। गुप्ता ने अधिकारियों को घायलों का सर्वोत्तम संभव इलाज सुनिश्चित करने और प्रभावित परिवारों को तत्काल अनुग्रह राशि प्रदान करने के निर्देश दिए। पुलिस ने बताया कि सुबह करीब 9:50 बजे चावड़ी बाजार मेट्रो स्टेशन के पास गली शाहतारा में इमारत ढह गई।

एक अधिकारी ने बताया कि दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) की बचाव टीम ने मलबे से दो शव निकाले, जबकि दमकल विभाग की टीमों के पहुंचने से पहले स्थानीय लोगों द्वारा चार घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। उन्होंने बताया कि मलबे में और लोगों के फंसे होने की आशंका है।

अग्निशमन विभाग और एनडीआरएफ की कई टीम बचाव अभियान में जुटी हैं।

प्रमुख खबरें

UP के किसान अब ईंधन और Hydrogen भी बनाएंगे, Jaunpur में बोले Nitin Gadkari

प्रदूषण पर राजनीति का धुआं और जनता की घुटती सांसें

Election Commission की मांग खारिज, Bombay High Court ने 10 दिनों में Voter List अपडेट करने को कहा

Ramayana रिलीज: Ranbir Kapoor और Yash के अभिनय को दर्शकों ने खूब सराहा