Cyclone Akwan का खतरा: गहरा दबाव क्षेत्र बदलेगा भीषण चक्रवाती तूफान में, IMD का अलर्ट

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 16, 2026

बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पूर्वी और उससे सटे दक्षिण-पश्चिमी हिस्से में बना गहरा दबाव क्षेत्र सोमवार शाम तक ‘अकवान’ नामक भीषण चक्रवाती तूफान का रूप लेकर आंध्र प्रदेश की ओर बढ़ सकता है। इससे राज्य पर तीन सप्ताह में तीसरी बार शक्तिशाली चक्रवाती तूफान का खतरा मंडरा रहा है। अधिकारियों ने आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु, दोनों राज्यों के मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की चेतावनी दी है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बताया कि इस प्रणाली के प्रभाव से चेन्नई और आसपास के जिलों में बारिश होने के आसार हैं। मौसम विभाग ने सोमवार को बताया कि बंगाल की खाड़ी में बना गहरा दबाव क्षेत्र सोमवार शाम तक चक्रवाती तूफान, 17 नवंबर तक भीषण चक्रवाती तूफान और 19 नवंबर के आसपास आंध्र प्रदेश तट के निकट अत्यंत भीषण चक्रवाती तूफान में बदल सकता है। आईएमडी की ओर से जारी आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पूर्वी और उससे सटे दक्षिण-पश्चिमी हिस्से में बना गहरा दबाव क्षेत्र पिछले छह घंटे के दौरान आठ किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर-उत्तर पश्चिम दिशा की ओर बढ़ा।

सोमवार सुबह साढ़े पांच बजे यह इसी क्षेत्र में केंद्रित था। आंध्र प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एपीएसडीएमए) के प्रबंध निदेशक प्रखर जैन ने बताया कि इससे सोमवार को राज्य के तटीय इलाकों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश हो सकती है। प्राधिकरण ने राज्य के मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी है।

जैन ने किसानों और आम लोगों से भी आवश्यक सावधानी बरतने को कहा है। आंध्र प्रदेश हाल ही में एक के बाद एक आए दो चक्रवाती तूफानों ‘अर्नब’ और ‘मुरासु’ की मार झेल चुका है। इन तूफानों से राज्य में लाखों एकड़ में फसलें बर्बाद हो गईं और करीब 7,000 करोड़ रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया गया है।

राज्य सरकार ने केंद्र से सहायता मांगी है। तमिलनाडु के संबंध में मौसम विभाग ने बताया कि 17 नवंबर से चेन्नई, तिरुवल्लूर और चेंगलपट्टू जिलों में भारी बारिश होने की संभावना है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं।

इसके अलावा 18 नवंबर से कांचीपुरम, रानीपेट, तिरुवन्नामलाई, विल्लुपुरम, कुड्डालोर और मयिलादुथुराई जिलों के साथ-साथ पड़ोसी केंद्रशासित प्रदेश पुडुचेरी में भी भारी बारिश हो सकती है। सोमवार सुबह साढ़े पांच बजे समाप्त हुए पिछले 24 घंटों के दौरान तूतीकोरिन में सर्वाधिक 20 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। इसके बाद नागरकोइल और कन्याकुमारी में 10-10 मिलीमीटर बारिश हुई।

इसी अवधि में चेन्नई, नीलगिरि और विरुधुनगर जिलों तथा पुडुचेरी में भी मध्यम बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने तमिलनाडु के तटीय क्षेत्रों के मछुआरों को 16 से 21 नवंबर तक समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी है।

प्रमुख खबरें

UP Assembly Election के लिए Congress दिसंबर में शुरू करेगी चुनावी अभियान

सर्दियों में Cracked Heels से हैं परेशान तो रात में आजमाएं ये 7 असरदार घरेलू नुस्खे

Jimmy Tata ने Noel Tata पर लगाया Tata Sons पर पिछले दरवाजे से कब्जे का आरोप

Arunachal के Shi-Yomi में सड़क निर्माण विस्फोट से ग्रामीण घायल, निर्माण कंपनी पर FIR दर्ज