Arunachal के Shi-Yomi में सड़क निर्माण विस्फोट से ग्रामीण घायल, निर्माण कंपनी पर FIR दर्ज

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 16, 2026

अरुणाचल प्रदेश के शि-योमी जिले में सड़क निर्माण के दौरान किए गए विस्फोट में एक व्यक्ति के गंभीर रूप से घायल होने के बाद कई संगठनों ने निर्माण कंपनी के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। संगठनों ने रविवार को तातो थाने में दी गई शिकायत में आरोप लगाया कि विस्फोट के बाद चट्टान का एक टुकड़ा उछल कर ताया याबू नामक व्यक्ति को जा लगा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। शिकायत के अनुसार, यह घटना 13 नवंबर को दोपहर करीब एक बजे हुई और उस वक्त याबू यापिक गांव में अपने खेत में काम कर रहे थे।

यह विस्फोट कथित तौर पर पूना हिंदा कंस्ट्रक्शन कंपनी ने किया था, जो पेने-तातो राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजना का निर्माण कार्य कर रही है। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि विस्फोट से पहले आसपास के निवासियों और खेतों में काम कर रहे लोगों को सतर्क करने के लिए न तो पर्याप्त चेतावनी दी गई और न ही सायरन बजाए गए या सार्वजनिक घोषणा की गई। इसके अलावा, सुरक्षा के अन्य जरूरी उपाय भी नहीं किए गए।

शिकायत के मुताबिक, घटना में घायल हुए याबू को पहले पड़ोसी पश्चिम सियांग जिले के आलो जनरल अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें आगे के इलाज के लिए असम के डिब्रूगढ़ रेफर कर दिया गया। संगठनों ने निर्माण कंपनी से जुड़े एक कनिष्ठ अभियंता की कथित लापरवाही की जांच के साथ ही साइट प्रभारी, विस्फोट कार्य के पर्यवेक्षक, इस कार्य में शामिल कर्मचारियों और अन्य अधिकारियों की भूमिका की भी जांच की मांग की है। शिकायत पर ‘ऑल बोह रामो बोकार स्टूडेंट्स यूनियन’, ‘रामो एरिया यूथ एसोसिएशन’, ‘आदि स्टूडेंट्स यूनियन’ की शि-योमी जिला इकाई और ‘बोह रामो बोकार यूथ एसोसिएशन’ के कार्यकारी सदस्यों ने संयुक्त रूप से हस्ताक्षर किए हैं।

तातो थाने के प्रभारी सनी वांगसू ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि घटना के दिन यानी 13 नवंबर को ही पीड़ित के परिवार की शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई थी। उन्होंने बताया कि इसके बाद विभिन्न संगठनों ने 15 नवंबर को अलग से शिकायत दर्ज कराई। वांगसू ने कहा कि संगठनों की ओर से बाद में दी गई शिकायतों को पहले से दर्ज प्राथमिकी में शामिल किया जाएगा।

इस मामले में ‘पूना हिंदा कंस्ट्रक्शन कंपनी’ के उप परियोजना प्रबंधक के. पाडू से प्रतिक्रिया लेने के लिए कई बार संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनकी ओर से कोई जवाब नहीं मिला।

प्रमुख खबरें

Jimmy Tata ने Noel Tata पर लगाया Tata Sons पर पिछले दरवाजे से कब्जे का आरोप

Bilkis Bano गैंगरेप-मर्डर केस में सुप्रीम कोर्ट का बड़ा फैसला, 2 दोषियों की उम्रकैद की सजा पर लगाई रोक, क्या कुछ कहा?

ECO बैठक में Pakistan ने उठाई मांग, आतंकवाद पर पड़ोसी देशों की चिंता दूर करे Afghanistan

Tata Steel की क्षमता 4 करोड़ टन करने की तैयारी, Jamshedpur में बोले TV Narendran