Cyclone Akwan ओडिशा तट से टकराया, जनहानि नहीं पर भारी बारिश दर्ज

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 20, 2026

ओडिशा में शुक्रवार सुबह गोपालपुर के पास तट से टकराए चक्रवात ‘अकवान’ के कारण अब तक बड़े नुकसान या किसी की मौत की खबर नहीं है लेकिन इसके प्रभाव से राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश हुई है। राज्य के आपदा प्रबंधन मंत्री सुरेश पुजारी ने यह जानकारी दी। भुवनेश्वर मौसम विज्ञान केंद्र की निदेशक मनोरमा मोहंती ने बताया कि चक्रवात के तट से टकराने की प्रक्रिया सुबह करीब आठ बजे शुरू हुई और दोपहर तक जारी रहने की संभावना है।

मोहंती ने कहा कि तट से टकराने की प्रक्रिया शुरू होने के समय भीषण चक्रवाती तूफान कमजोर होकर चक्रवाती तूफान में बदल गया था। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, चक्रवात ‘अकवान’ 26 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा था और इसने गोपालपुर के पास उत्तर आंध्र प्रदेश-दक्षिण ओडिशा तट को पार किया। आईएमडी ने सुबह 10.30 बजे जारी बुलेटिन में बताया कि चक्रवात पुरी (ओडिशा) से 110 किलोमीटर और कलिंगपट्टनम (आंध्र प्रदेश) से 130 किलोमीटर दूर था।

इस दौरान हवा की रफ्तार 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटा थी, जबकि झोंकों के साथ यह 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच रही थी। मौसम विभाग ने कहा कि चक्रवात के कमजोर होकर गहरे दबाव के क्षेत्र और उसके बाद दबाव के क्षेत्र में तब्दील होने की संभावना है। चक्रवात के प्रभाव से ओडिशा में भारी बारिश हुई।

गंजाम जिले के पात्रापुर में सर्वाधिक 209 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। इसके बाद इसी जिले के हिंजिली में 207 मिलीमीटर, चिकिटी में 199 मिलीमीटर, गोपालपुर में 190 मिलीमीटर और छत्रपुर में 139 मिलीमीटर बारिश हुई। राज्य की मुख्य सचिव अनु गर्ग ने कहा, हवाओं का कोई बड़ा असर नहीं हुआ है, हालांकि चक्रवात के प्रभाव से बारिश हुई है।

हमने अब तक 3.7 लाख लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है। हमारे अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और स्थिति पर करीबी नजर रख रहे हैं। राज्य सरकार ने संवेदनशील इलाकों में बचाव एवं राहत कार्यों के लिए 423 दल तैनात किए हैं और 9,341 चक्रवात आश्रय स्थल स्थापित किए हैं।

उल्लेखनीय है कि 24 दिनों के भीतर ओडिशा को प्रभावित करने की आशंका वाला यह तीसरा चक्रवात है। शुरुआत में इसके आंध्र प्रदेश के तट से टकराने का अनुमान लगाया गया था, लेकिन बाद में इसने अपना रास्ता बदल लिया। उत्तर हिंद महासागर में चक्रवातों के नामकरण की व्यवस्था के तहत इस तूफान का नाम ईरान ने सुझाया था।

प्रमुख खबरें

Health Tips: वायु प्रदूषण और PM 2.5 से बढ़ रहा Dementia का खतरा, दिमाग की कार्यक्षमता पर बुरा असर

PM Modi लखनऊ में 52 मेधावी ITI प्रशिक्षार्थियों को शनिवार को करेंगे सम्मानित

तनाव खत्म दोस्ती शुरू, Nepal PM Balen Shah आ रहे हैं India, Modi से होगी मुलाकात, कई अहम मुद्दों पर बनेगी बात

फिलिस्तीनी लड़के ने दोस्ती पर पूछा सवाल, राहुल के जवाब पर बजी तालियां