By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 29, 2026
(फाइल फोटो के साथ) नयी दिल्ली, 29 अक्टूबर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने चक्रवात ‘अर्नब’ के प्रभाव को देखते हुए बृहस्पतिवार को आंध्र प्रदेश, पुडुचेरी, ओडिशा और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्रियों से बात की और लोगों की मुश्किलें कम करने के लिए हरसंभव मदद का आश्वासन दिया। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बुधवार रात जारी बुलेटिन में कहा था कि तटीय आंध्र प्रदेश, यनम और बंगाल की खाड़ी के आसपास के क्षेत्र में बना भीषण चक्रवाती तूफान पिछले छह घंटों के दौरान लगभग आठ किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धीरे-धीरे आगे बढ़ा और कमजोर होकर चक्रवाती तूफान में बदल गया। आईएमडी ने कहा, ‘‘अगले 48 घंटों के दौरान इसके उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने और धीरे-धीरे कमजोर होने की संभावना है।