Cyclone Arnab के असर से Andhra Pradesh के 13 जिलों में अचानक बाढ़ का अलर्ट जारी

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 28, 2026

(तस्वीरों सहित) विशाखापत्तनम, 28 अक्टूबर चक्रवात अर्नब के कारण भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के चक्रवात चेतावनी केंद्र ने बुधवार को आंध्र प्रदेश के 13 जिलों और यनम में बृहस्पतिवार सुबह साढ़े पांच बजे तक अचानक बाढ़ आने का मध्यम से उच्च जोखिम जताते हुए चेतावनी जारी की। यह चेतावनी बापटला, गुंटूर, एनटीआर, कृष्णा, एलुरु, पूर्वी गोदावरी, काकीनाडा, अल्लूरी सीताराम राजू, विशाखापत्तनम, विजयनगरम, अनकापल्ली, पार्वतीपुरम मान्यम और पश्चिमी गोदावरी जिलों के लिए जारी की गई है। चक्रवात चेतावनी केंद्र ने अपने ताजा बुलेटिन में कहा, बहुत गंभीर चक्रवाती तूफान अर्नब के प्रभाव से कुछ जलग्रहण क्षेत्रों और आसपास के इलाकों में अचानक बाढ़ आने का मध्यम से उच्च जोखिम है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग ने 29 अक्टूबर को सुबह साढ़े पांच बजे से 30 अक्टूबर को सुबह साढ़े पांच बजे तक आंध्र प्रदेश, ओडिशा और पश्चिम बंगाल के तटीय इलाकों के साथ ही उत्तरी तमिलनाडु के तट पर 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान जताया है और कहा कि यह गति 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। बुधवार सुबह साढ़े आठ बजे तक पिछले 24 घंटों के दौरान आंध्र प्रदेश में अत्यधिक भारी बारिश दर्ज की गई, जबकि ओडिशा में बहुत भारी से अत्यधिक भारी बारिश हुई। आंध्र प्रदेश में गरिविडी में 26 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई।

इसके बाद अनकापल्ली, श्रृंगवरपुकोटा, वेपाडा और चीपुरुपल्ले में 25-25 सेंटीमीटर बारिश हुई। केंद्र के अनुसार, बुधवार सुबह साढ़े आठ बजे तक पिछले 24 घंटों के दौरान सबसे तेज हवा की रफ्तार मछलीपट्टनम में (96 किलोमीटर प्रति घंटा) दर्ज की गई। इसके बाद विशाखापत्तनम और काकीनाडा में 80-80 किलोमीटर प्रति घंटा, कालिंगपट्टनम में 70 किलोमीटर प्रति घंटा, बापटला में 45 किलोमीटर प्रति घंटा और कवाली में 32 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलीं।

आईएमडी ने बताया कि चक्रवात अर्नब के केंद्र के पूरी तरह जमीन पर पहुंचने के साथ ही बुधवार सुबह आठ बजे तक इसके तट से टकराने की प्रक्रिया पूरी हो गई थी। आईएमडी ने कहा कि यह मौसम प्रणाली के अगले 48 घंटे में उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने और धीरे-धीरे कमजोर होने का अनुमान है। इसके अगले छह घंटे में कमजोर होकर चक्रवाती तूफान में बदलने और उसके बाद के छह घंटे में और कमजोर होकर गहरे अवदाब क्षेत्र में तब्दील होने का अनुमान है।

आईएमडी ने बुधवार से तीन नवंबर तक अगले सात दिनों के दौरान आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों में भारी बारिश और गरज के साथ बारिश का अनुमान जताया है। विभाग ने बुधवार को तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने का अनुमान जताया। इस दौरान 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

तटीय आंध्र प्रदेश, यनम और रायलसीमा में कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश के साथ गरज और आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका है। आईएमडी ने कहा कि 29 अक्टूबर को तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने का अनुमान है। इन क्षेत्रों और रायलसीमा में गरज के साथ आकाशीय बिजली गिरने का भी अनुमान है।

तीस अक्टूबर से तीन नवंबर तक तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में गरज के साथ आकाशीय बिजली गिरने का अनुमान है। इन क्षेत्रों में एक, दो और तीन नवंबर को कुछ स्थानों पर भारी बारिश भी हो सकती है। विभाग ने एक नवंबर तक 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान जताया है।

एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखने के बाद उनसे फोन पर भी बात की और चक्रवात अर्नब से हुए नुकसान की जानकारी दी। विज्ञप्ति में कहा गया, नायडू ने चक्रवात प्रभावित क्षेत्रों में राहत, पुनर्वास और बहाली के प्रयासों में सहयोग के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से केंद्र सरकार की ओर से आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने का अनुरोध किया।

प्रमुख खबरें

Narendra Modi देश के सर्वोच्च सम्मान Bharat Ratna के हकदार, सांसद Vikramjit Singh Sahney ने की वकालत

Cyclone Arnab के असर से Chhattisgarh में तेज बारिश, रायपुर समेत 12 जिलों में स्कूल बंद

England के James Anderson अब Italy में खेलेंगे Cricket, Napoli Knights के बने कप्तान

पंजाबी बाग में तेज रफ्तार DTC इलेक्ट्रिक बस की टक्कर से बाइक सवार 22 वर्षीय सोनू की मौत