By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 28, 2026
दिल्ली के पंजाबी बाग इलाके में बुधवार सुबह तेज रफ्तार डीटीसी की एक इलेक्ट्रिक बस की चपेट में आने से 22 वर्षीय एक युवक की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने कहा कि यह घटना पश्चिमी दिल्ली के रोहतक रोड पर अशोक पार्क मेट्रो स्टेशन के पास हुई, जब एक ‘ई-कॉमर्स’ मंच के लिए सामान पहुंचाने का काम करने वाला सोनू एक ऑर्डर देने जा रहा था।
घटना के बाद स्थानीय निवासियों और सामान पहुंचाने का काम करने वाले कर्मियों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया और सड़क को अवरुद्ध कर दिया और बस में तोड़फोड़ की। पुलिस ने बताया कि मौके पर बड़ी भीड़ जमा हो गई और वे पुलिस को शव नहीं ले जाने दे रहे थे। पुलिस ने कहा कि प्रदर्शनकारियों ने पंजाबी बाग से जखीरा की ओर जाने वाले मार्ग को भी अवरुद्ध कर दिया, जिससे क्षेत्र में यातायात बाधित हो गया।
यातायात पुलिस ने एक परामर्श जारी किया, जिसमें यात्रियों से इस मार्ग से बचने और वैकल्पिक मार्ग अपनाने को कहा गया। वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित करने के लिए मौके पर यातायात कर्मियों को तैनात किया गया था। मृत व्यक्ति के रिश्तेदार ने आरोप लगाया कि सोनू एक ऑर्डर पहुंचाने जा रहा था तभी डीटीसी बस ने उसे पीछे से टक्कर मार दी।
उन्होंने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, इस इलाके में पहले भी ऐसा हो चुका है। अधिकारी कहते हैं कि सीसीटीवी कैमरे काम नहीं करते हैं। उन्होंने कोई न्याय नहीं किया।
फिर सरकार क्या कर रही है? अधिकारी ने बताया कि पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस ने बताया कि मामले में कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।