By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 30, 2026
चक्रवाती तूफान अर्णब के दक्षिण छत्तीसगढ़ और उससे सटे दक्षिण ओडिशा के ऊपर कमजोर होकर अवदाब में बदल जाने से बृहस्पतिवार को पश्चिम बंगाल के कई हिस्सों में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी दी। आईएमडी ने बताया कि अवदाब के बृहस्पतिवार रात तक कमजोर होकर सुस्पष्ट निम्नदाब क्षेत्र में बदलने की संभावना है, जिससे शुक्रवार को पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है।
आईएमडी ने कहा कि शनिवार सुबह तक दार्जिलिंग, कलिमपोंग, जलपाईगुड़ी और अलीपुरद्वार जैसे उप-हिमालयी जिलों में भारी बारिश होगी। उसने कहा शनिवार तक पूरे पश्चिम बंगाल में आंधी और गरज-चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। आईएमडी के आंकड़ों के अनुसार, बंगाल की खाड़ी के तट पर स्थित सागर द्वीप में बृहस्पतिवार सुबह 8.30 बजे तक 24 घंटों के दौरान 81.8 मिलीमीटर बारिश हुई, जो इस अवधि में राज्य में सबसे अधिक है।
उसने कहा कि राज्य में मेदिनीपुर में 48 मिमी, दीघा में 46 मिमी, हल्दिया में 36 मिमी और कांथी में 35 मिमी वर्षा हुई। विभाग के शाम के बुलेटिन के अनुसार, कोलकाता में बुधवार शाम साढ़े पांच बजे से बृहस्पतिवार शाम साढ़े पांच बजे के बीच 14.5 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि बृहस्पतिवार सुबह साढ़े आठ बजे से शाम साढ़े पांच बजे के बीच 14.1 मिमी बारिश हुई। शहर में अधिकतम तापमान 28.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.7 डिग्री कम था, जबकि न्यूनतम तापमान 26.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 3.8 डिग्री अधिक था।
बुलेटिन में कहा गया है कि अधिकतम और न्यूनतम सापेक्ष आर्द्रता का स्तर क्रमशः 98 प्रतिशत और 86 प्रतिशत दर्ज किया गया। चक्रवाती तूफान के कमजोर होने के बावजूद, अगले 24 घंटों के दौरान कोलकाता में आमतौर पर बादल छाए रहने की संभावना है, जिस दौरान अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 29 और 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।