चक्रवाती तूफान Cyclone Murasu हुआ गंभीर, चेन्नई में भारी बारिश से उड़ानें प्रभावित

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 02, 2026

चेन्नई, दो नवंबर चक्रवात मुरासु के आंध्र प्रदेश के दक्षिणी तट की ओर बढ़ने के साथ तमिलनाडु के उत्तरी हिस्सों में भारी बारिश हुई और चेन्नई के कई इलाकों में जलभराव हो गया। चक्रवात चेन्नई से करीब 250-260 किलोमीटर दूर स्थित था। चेन्नई हवाई अड्डा प्रशासन ने सोमवार को बताया कि खराब मौसम के कारण कुछ उड़ानें रद्द कर दी गई हैं।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने चेन्नई के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है। शहर के स्कूलों में सोमवार को अवकाश घोषित किया गया है। ऑरेंज अलर्ट का मतलब 11 से 20 सेंटीमीटर तक बहुत भारी बारिश होने की आशंका है।

ग्रेटर चेन्नई निगम के आयुक्त जी एस समीरन ने बताया कि शहर में बाढ़ जैसी स्थिति नहीं है, हालांकि कुछ इलाकों में मामूली जलभराव हुआ है। उन्होंने कहा कि शहर के 22 सबवे में से दो में मामूली जलभराव हुआ था, जिसे जल्द ही साफ कर दिया गया। सभी सबवे यातायात के लिए खुले हैं।

नगर निगम ने जलभराव वाले इलाकों से पानी निकालने के लिए पंप और अतिरिक्त मोटर लगाई हैं। संवेदनशील इलाकों में विशेष टीम तैनात की गई हैं। यातायात प्रबंधन और तटीय इलाकों में समुद्री लहरों के कारण संभावित जलभराव से निपटने के लिए पुलिस के साथ समन्वय किया जा रहा है।

नगर निगम के अनुसार, चेन्नई के 28 निगरानी केंद्रों पर भारी बारिश दर्ज की गई, जबकि पांच केंद्रों पर बहुत भारी बारिश हुई। इनमें मुख्य रूप से उत्तरी इलाके पार्रीज और मणली शामिल हैं। हालांकि, किसी भी इलाके में अत्यधिक या बेकाबू बारिश की स्थिति नहीं बनी है।

आईएमडी के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी के पश्चिम-मध्य और उससे सटे दक्षिण-पश्चिमी हिस्से में सक्रिय चक्रवाती तूफान मुरासु पिछले छह घंटे में 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ा और गंभीर चक्रवाती तूफान में बदल गया। रविवार देर रात ढाई बजे यह चेन्नई से करीब 260 किलोमीटर पूर्व-उत्तर-पूर्व, आंध्र प्रदेश के नेल्लोर से 290 किलोमीटर पूर्व-दक्षिण-पूर्व और विशाखापत्तनम से करीब 470 किलोमीटर दक्षिण में केंद्रित था। मौसम विभाग ने कहा कि इसके उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने और दो नवंबर की आधी रात से तीन नवंबर की सुबह के बीच नेल्लोर तथा नरसापुर के बीच ओंगोल के आसपास आंध्र प्रदेश के दक्षिणी तट को गंभीर चक्रवाती तूफान के रूप में पार करने की बहुत अधिक संभावना है।

इस दौरान हवा की गति 100 से 110 किलोमीटर प्रति घंटे और झोंकों के साथ 120 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। सूत्रों के अनुसार, रविवार रात उत्तरी तटीय तमिलनाडु के बड़े इलाके में बारिश हुई।

प्रमुख खबरें

Rahul Gandhi लोकतंत्र के लिए सबसे बड़ी चुनौती, BJP सांसद Sudhanshu Trivedi का वार

झुंझुनू में हाईटेंशन लाइन छूने से 8 श्रमिकों की मौत, सीएम ने जांच के दिए आदेश

Uttarakhand Election 2027 पर Rahul Gandhi और Kharge ने की बैठक, Harish Rawat रहे गैरहाजिर

Dia Mirza के दिवाली वीडियो पर सियासी घमासान: मुंबई BJP प्रमुख के विरोध के बाद BMC ने हटाया वीडियो, डिप्टी मेयर ने किया अभिनेत्री का समर्थन