By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 21, 2026
शीर्ष वरीयता प्राप्त दक्षिणेश्वर सुरेश, युवा अर्णव पापरकर और सिद्धार्थ रावत सहित कई भारतीय खिलाड़ियों ने बुधवार को यहां मुंबई ओपन आईटीएफ एम25 टेनिस टूर्नामेंट के पुरुष एकल के दूसरे दौर में प्रवेश किया। दक्षिणेश्वर ने कजाखस्तान के ग्रिगोरी लोमाकिन को 6-0, 6-0 से हराकर एकतरफा जीत दर्ज की जबकि पापरकर ने एसडी प्रज्जवल देव के खिलाफ 6-3, 1-0 की बढ़त बना रखी थी तभी उनके प्रतिद्वंद्वी ने मुकाबला बीच में छोड़ दिया। रावत ने देव जाविया को 7-6, 6-3 से हराया जबकि चौथी वरीयता प्राप्त दिग्विजय प्रताप सिंह ने मान केशरवानी को 6-3, 6-4 से शिकस्त दी।
युगल के प्री क्वार्टर फाइनल में दक्षिणेश्वर और मनीष सुरेशकुमार की जोड़ी ने शानदार वापसी करते हुए दूसरी वरीयता प्राप्त जापान के रयुकी मात्सुदा और ट्यूनीशिया के अजीज औआका को 6-7, 6-4, 14-12 से हराया। अमेरिका के चौथी वरीयता प्राप्त गैरेट जोन्स और नोआ शैक्टर ने भारत के शंकर हेसनाम और करण सिंह को 6-2, 6-3 से पराजित किया। शीर्ष वरीयता प्राप्त एसडी प्रज्जवल देव और नितिन कुमार सिन्हा ने मनन अग्रवाल और पारितोष पवार को 6-4, 6-0 से हराकर अगले दौर में प्रवेश किया जबकि भारत के आदित्य बालसेकर और रोहन मेहरा ने अर्जुन राठी और कैहीर वारिक को 6-3, 6-3 से शिकस्त दी।