Prabhasakshi NewsRoom: Bisleri Water में कैंसर कारक Bromate और PAHs जैसे खतरनाक Chemicals मिलने से हड़कंप

By नीरज कुमार दुबे | Nov 23, 2026

भारत में बोतलबंद पानी का मतलब लंबे समय से भरोसा रहा है। रेलवे स्टेशन हो, एयरपोर्ट, होटल, अस्पताल या बाजार की कोई छोटी-सी दुकान, प्यास लगने पर लोग बिना ज्यादा सोचे बिसलेरी की बोतल खरीद लेते हैं। ब्रांड का नाम ही शुद्धता और सुरक्षित पेयजल की गारंटी मान लिया गया। लेकिन देश के सबसे चर्चित पैकेज्ड वाटर ब्रांडों में शामिल बिसलेरी के पानी के नमूनों को लेकर खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) की कार्रवाई ने इस भरोसे को कठघरे में खड़ा कर दिया है। देखा जाये तो मामला सिर्फ एक कंपनी का नहीं, बल्कि देश में बिकने वाले बोतलबंद पानी की गुणवत्ता और निगरानी व्यवस्था का भी है।

हम आपको बता दें कि भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण ने बिसलेरी इंटरनेशनल के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत अभियोजन की मंजूरी दी है। नियामक के मुताबिक, कंपनी के पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर के एक नमूने की शुरुआती जांच में ब्रोमेट की मात्रा निर्धारित सीमा से अधिक पाई गई। इसके बाद कंपनी ने इस निष्कर्ष को चुनौती दी और नमूने को दोबारा जांच के लिए रेफरल फूड लैबोरेटरी भेजा गया। लेकिन यहां भी मामला खत्म नहीं हुआ। दूसरी प्रयोगशाला ने नमूने को पॉलीसाइक्लिक एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन (PAHs) की मौजूदगी के आधार पर असुरक्षित घोषित कर दिया।

इसे भी पढ़ें: Bisleri ने FSSAI के आरोपों को नकारा, पैक्ड पेयजल को बताया सुरक्षित

हम आपको बता दें कि इन दोनों रासायनिक पदार्थों को लेकर चिंता इसलिए गंभीर है क्योंकि इनके कुछ रूपों का संबंध कैंसर के खतरे से जुड़ा है। ब्रोमेट पानी के शोधन की प्रक्रिया में बन सकता है, खासकर तब जब पानी को कीटाणुरहित करने के लिए ओजोन का इस्तेमाल किया जाता है। विश्व स्वास्थ्य संगठन ने पीने के पानी में ब्रोमेट की अस्थायी गाइडलाइन सीमा 10 माइक्रोग्राम प्रति लीटर निर्धारित की है। वहीं, PAHs ऐसे रासायनिक यौगिकों का समूह हैं, जो ईंधन, कोयला, लकड़ी और अन्य कार्बनिक पदार्थों के अधूरे दहन से पैदा हो सकते हैं। इनके कुछ यौगिक डीएनए को नुकसान पहुंचाने और कैंसर के जोखिम से जुड़े हैं।

बिसलेरी का मामला इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि कंपनी के मुताबिक, विवाद सितंबर 2025 में गोवा स्थित उसके संयंत्र में निर्मित एक बैच से जुड़ा है। कंपनी का दावा है कि FSSAI ने 30 सितंबर 2025 को छह नमूने लिए थे, जिनमें पांच निर्धारित मानकों पर खरे उतरे, जबकि छठे नमूने में ब्रोमेट की मात्रा 12 माइक्रोग्राम प्रति लीटर दर्ज हुई थी। कंपनी ने यह भी कहा कि बाद की स्वतंत्र जांच में ब्रोमेट निर्धारित सीमा के भीतर पाया गया। 23 नवंबर को आई रिपोर्टों के मुताबिक, सरकार के सूत्रों ने भी बाद के परीक्षण में नमूनों के निर्धारित खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप पाए जाने की जानकारी दी। हालांकि, PAHs को लेकर नियामक की शुरुआती आपत्ति और पूरी जांच प्रक्रिया ने विवाद को गंभीर बना दिया है।

देखा जाये तो इस पूरे घटनाक्रम का सबसे बड़ा असर अब देश के पूरे पैकेज्ड वाटर उद्योग पर पड़ने जा रहा है। बिसलेरी विवाद के बाद सरकार देशभर में बोतलबंद पानी बेचने वाले विभिन्न ब्रांडों के नमूनों की जांच कराने जा रही है। यानी अब जांच का दायरा सिर्फ बिसलेरी तक सीमित नहीं रहेगा। बाजार में मौजूद दूसरे ब्रांडों की गुणवत्ता भी सरकारी निगरानी के दायरे में आएगी। साथ ही यह फैसला ऐसे समय में आया है, जब पैकेज्ड वाटर की गुणवत्ता को लेकर पहले भी गंभीर आंकड़े सामने आ चुके हैं। संसद में फरवरी 2025 में पेश सरकारी आंकड़ों के अनुसार, वित्त वर्ष 2023-24 में जांचे गए 1,300 पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर नमूनों में से 333 निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं थे। इससे पहले 2022-23 में 1,776 नमूनों में से 650 नमूने मानकों पर खरे नहीं उतरे थे।

यानी बोतलबंद पानी की गुणवत्ता को लेकर सवाल कोई नया नहीं है। अक्टूबर 2024 में सरकार ने पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर और मिनरल वाटर के लिए अनिवार्य BIS प्रमाणन की व्यवस्था समाप्त कर दी थी। इसके बाद FSSAI ने एक नई परीक्षण योजना लागू की, जो 1 जनवरी 2026 से प्रभावी हुई। इसके बावजूद अब बिसलेरी विवाद ने निगरानी व्यवस्था की प्रभावशीलता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

सबसे बड़ी बात यह है कि ब्रोमेट और PAHs जैसे रसायनों की मौजूदगी को सामान्य उपभोक्ता अपनी आंखों से नहीं पहचान सकता। पानी बिल्कुल साफ दिखाई दे सकता है, उसमें कोई गंध नहीं हो सकती और स्वाद भी सामान्य लग सकता है, लेकिन उसकी वास्तविक रासायनिक गुणवत्ता का पता प्रयोगशाला परीक्षण से ही चलता है।

बहरहाल, बिसलेरी के एक नमूने से शुरू हुआ यह विवाद अब देशव्यापी जांच तक पहुंच गया है। करोड़ों भारतीय रोजाना बोतलबंद पानी खरीदते हैं। देखा जाये तो अब सवाल सिर्फ यह नहीं है कि बिसलेरी के पानी में क्या मिला, बल्कि यह भी है कि बाजार में बिकने वाली दूसरी कंपनियों के पानी की वास्तविक गुणवत्ता क्या है? देशभर में होने वाली जांच के नतीजे तय करेंगे कि बोतलबंद पानी के नाम पर बिक रहे भरोसे की हकीकत आखिर क्या है?

प्रमुख खबरें

बाप रे...सऊदी के दिल पर बैलेस्टिक मिसाइल से हमला, मुश्किल में MBS!

Sabarimala तीर्थयात्रियों के लिए जरूरी चेतावनी: पम्पा नदी में कपड़े या कचरा फेंकने पर लगेगा 5,000 रुपये तक का जुर्माना

Amrita Khanvilkar Birthday: एक्ट्रेस Amrita Khanvilkar ने Marathi Cinema से Bollywood तक बनाई पहचान

FADA रिपोर्ट: 42 दिन के त्योहारी सीजन में वाहनों की खुदरा बिक्री 55.25 लाख के रिकॉर्ड स्तर पर