Kaziranga हादसे के मृतकों के परिजनों को 20 लाख मुआवजा दें, Debabrata Saikia ने PM को लिखा पत्र

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 15, 2026

असम कांग्रेस के नेता देबब्रत सैकिया ने रविवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से काजीरंगा में मिनी बस और ट्रक की टक्कर में मारे गए लोगों के परिजनों के लिए अनुग्रह राशि बढ़ाने, घायलों का मुफ्त इलाज कराने और 26 मृतकों के परिजनों को आजीविका संबंधी सहायता देने का आग्रह किया। विधानसभा में विपक्ष के पूर्व नेता ने मोदी को पत्र लिखकर राष्ट्रीय राजमार्ग-715 के खंड की बदहाल स्थिति पर चिंता व्यक्त की और आरोप लगाया कि अधिकारियों द्वारा आवश्यक सड़क सुरक्षा उपायों की उपेक्षा चिंताजनक है। उन्होंने सड़क की स्थिति, डिजाइन, रखरखाव, यातायात प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्थाओं की गहन जांच कराने के साथ ही क्षेत्र में राजमार्ग सुरक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और बुनियादी ढांचे में सुधार के लिए तत्काल हस्तक्षेप की मांग की।

सैकिया ने हादसे के तुरंत बाद वित्तीय सहायता की घोषणा करने के लिए प्रधानमंत्री की सराहना की, लेकिन कहा कि त्रासदी की गंभीरता को देखते हुए मुआवजे और पुनर्वास संबंधी उपायों को बढ़ाने की जरूरत है। कांग्रेस नेता ने पत्र में कहा कि प्रशासनिक जवाबदेही तय की जानी चाहिए और हादसे में शामिल वाहन चालकों के आचरण की भी जांच होनी चाहिए। उन्होंने मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा की प्रतिक्रिया पर निराशा व्यक्त की।

मुख्यमंत्री ने एक दिन बाद शनिवार को दुर्घटनास्थल का दौरा किया था। सैकिया ने दावा किया कि शर्मा ने अनुग्रह राशि की घोषणा की और हादसे की जांच का आश्वासन दिया, लेकिन उनकी टिप्पणियों में राजमार्ग को लेकर स्थानीय लोगों की शिकायतों का पर्याप्त समाधान नहीं बताया गया। अधिकारियों के अनुसार, असम में काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान के पास शुक्रवार को एक मिनी बस और कंटेनर ट्रक के बीच आमने-सामने की टक्कर में महिलाओं और नाबालिगों समेत कम से कम 26 लोगों की मौत हो गई और 20 घायल हो गए।

मृतकों में कॉलेज के कई विद्यार्थी शामिल थे। कांग्रेस नेता ने प्रत्येक मृतक के परिजनों को दी जाने वाली कुल अनुग्रह राशि को बढ़ाकर कम से कम 20 लाख रुपये करने की मांग की, जिसमें केंद्र और राज्य सरकारों द्वारा पहले से घोषित नौ लाख रुपये शामिल हैं। उन्होंने कई सदस्यों को खोने वाले परिवारों के लिए अतिरिक्त सहायता की भी मांग की।

उन्होंने घायलों के लिए मुफ्त इलाज, पुनर्वास और दिव्यांगता मुआवजा देने के साथ ही मृतकों के आश्रित बच्चों को छात्रवृत्ति तथा परिवार के मुख्य कमाऊ व्यक्ति को खोने वाले परिवारों को आजीविका संबंधी सहायता देने की मांग की।

प्रमुख खबरें

1224 करोड़ Worldwide Collection के साथ रणबीर की Ramayanam ने तोड़ा Jawan और Pathaan का रिकॉर्ड

BJP की तीन दिवसीय Janjatiya Gaurav Padyatra Ranchi में संपन्न, 75 किमी का तय किया सफर

Rashami Desai के एक्स हसबैंड Nandish Sandhu ने की दूसरी शादी, Kavita Banerjee संग लिए सात फेरे

Chhath Puja: बिहार के 377 संवेदनशील घाटों पर NDRF और SDRF तैनात, आज संध्या अर्घ्य