सेमीकंडक्टर संयंत्र गुजरात में लगाने का फैसला पेशेवर आधार पर लिया गयाः वेदांता प्रमुख

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Sep 16, 2022

वेदांता समूह के प्रमुख अनिल अग्रवाल ने सेमीकंडक्टर चिप विनिर्माण के प्रस्तावित संयंत्र को महाराष्ट्र से गुजरात ले जाने पर पैदा हुए विवाद के बीच बृहस्पतिवार को कहा कि इस संयंत्र की जगह का फैसला पूरी तरह पेशेवर और स्वतंत्र परामर्श के आधार पर किया गया है। अग्रवाल ने अपने कई ट्वीट में इस संयंत्र को स्थानांतरित करने से जुड़े विवाद पर स्थिति स्पष्ट करने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि भले ही चिप विनिर्माण संयंत्र को गुजरात ले जाने का फैसला किया गया है लेकिन उनका समूह महाराष्ट्र में भी निवेश के लिए प्रतिबद्ध है।

अग्रवाल ने इस संदर्भ में अपनी स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा, ‘‘वेदांता-फॉक्सकॉन गठजोड़ करोड़ों डॉलर वाले इस निवेश के लिए माकूल जगह का आकलन पेशेवर ढंग से करता रहा है। यह एक वैज्ञानिक एवं वित्तीय प्रक्रिया है जिसमें कई साल भी लग जाते हैं। हमने यह प्रक्रिया दो साल पहले शुरू की थी।’’ उन्होंने कहा, ‘‘इसमें एक बाहरी पेशेवर एजेंसी की सेवाएं भी ली गईं।हमने गुजरात, कर्नाटक और महाराष्ट्र जैसे कुछ राज्यों का चयन किया और पिछले दो साल से हम इनमें से हरेक राज्य की सरकार के साथ बात करते रहे हैं।’’

वेदांता समूह के प्रमुख ने कहा कि गुजरात का अंतिम रूप से चयन कंपनी की उम्मीदों पर खरा उतरने की वजह से किया गया। हालांकि, उन्होंने उन अपेक्षाओें का ब्योरा नहीं दिया लेकिन यह जरूर कहा कि समूह 1,000 एकड़ जमीन मुफ्त में चाहता था जबकि पानी एवं बिजली को भी रियायती दरों पर मुहैया कराने की मांग रखी गई थी। उन्होंने कहा, ‘‘हमने अपनी अपेक्षाएं पूरी होने पर कुछ महीने पहले ही गुजरात को इस संयंत्र के लिए चुन लिया था। लेकिन जुलाई में महाराष्ट्र सरकार ने प्रतिस्पर्द्धी पेशकश कर अन्य राज्यों को पीछे छोड़ने की कोशिश की।

लेकिन हमें यह संयंत्र एक ही जगह लगाना है लिहाजा पेशेवर एवं स्वतंत्र परामर्श के आधार पर हमने गुजरात को ही अंतिम तौर पर चुना।’’ उन्होंने कहा कि इस दीर्घकालिक निवेश से भारत में इलेक्ट्रॉनिक्स क्षेत्र का स्वरूप ही बदल जाएगा। उन्होंने कहा, ‘‘हम अखिल भारतीय पारिस्थितिकी तैयार करेंगे और महाराष्ट्र में भी निवेश के लिए हम प्रतिबद्ध हैं। हमारे गुजरात संयंत्र में एकीकरण को आगे बढ़ाने के लिए महाराष्ट्र की भूमिका अहम होगी।

प्रमुख खबरें

Insomnia से हैं परेशान तो अपनाएं Military Method, 120 सेकेंड में मिलेगी गहरी नींद

Pakistani Soldiers Killed In Attack: उड़ा डाला पाकिस्तानी सेना का काफिला, सैनिकों के उड़े चिथड़े!

इतिहास रच Mirabai Chanu ने पूरा किया मेडल का ग्रैंड स्लैम! Nagoya Asian Games में जीता सिल्वर, 28 साल बाद भारत को मिला वेटलिफ्टिंग पदक

Russia-China Counter: ग्रीनलैंड में मिलिट्री बेस बनाएगा अमेरिका, हो गई बड़ी डील!