दीपक भोरिया और नरेंद्र विश्व ओलंपिक मुक्केबाजी क्वालीफायर के शुरुआती दिन हारे

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Mar 04, 2024

भारतीय खिलाड़ी दीपक भोरिया (51 किग्रा) और नरेंद्र बेरिवाल (92 किग्रा से अधिक) को विश्व ओलंपिक मुक्केबाजी के शुरुआती क्वालीफायर के पहले दिन रविवार को यहां शुरुआती दौर में हार का सामना करना पड़ा। विश्व चैंपियनशिप के कांस्य पदक विजेता दीपक को अजरबैजान के हुसेनोव निजात ने 3-2 के खंडित फैसले से हराया जबकि नरेंद्र को जर्मनी के नेल्वी टियाफैक ने 5-0 के एकतरफा फैसले से हराया।

अजरबैजान के युवा मुक्केबाज ने अपनी गति और तेज मुक्कों से दीपक को परेशान किया। दीपक पहले और दूसरे दोनों चरण में 2-3 के समान स्कोर के साथ हार गए। भारतीय मुक्केबाज ने अंतिम तीन मिनट में जोरदार प्रदर्शन किया। वह इस चरण को 4-1 से जीतने में सफल रहे लेकिन यह उन्हें मुकाबला जीताने के लिए काफी नहीं था। नरेंद्र जर्मनी के खिलाड़ी के खिलाफ पूरे मुकाबले के दौरान जूझते दिखे।

इस स्पर्धा से मुक्केबाजों के पास 49 ओलंपिक कोटा सुनिश्चित करने का मौका होगा। इसमें 28 पुरुष और 21 महिलाओं का कोटा है। भारतीय मुक्केबाज अब तक पेरिस ओलंपिक के लिए चार कोटा हासिल कर चुके हैं। इसमें निकहत जरीन (50 किग्रा), प्रीति पावर (54 किग्रा), परवीन हुड्डा (57 किग्रा) और लवलीना बोरगोहेन (75 किग्रा) का नाम शामिल हैं।

प्रमुख खबरें

Mahindra Racing ने London E-Prix में हासिल किया तीसरा स्थान, की रिकॉर्ड की बराबरी

Ashwini Vaishnaw ने Railway स्टेशनों पर सुरक्षित पेयजल तुरंत सुनिश्चित करने के दिए आदेश

Israel में भारतीय समुदाय ने धूमधाम से मनाया Independence Day, राजदूत जे.पी. सिंह भी हुए शामिल

Durand Cup के सेमीफाइनल में पहुंची SC Delhi, 19 अगस्त को East Bengal FC से होगी भिड़ंत