By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 16, 2026
(कुशान सरकार) ऑकलैंड, 16 नवंबर न्यूजीलैंड के पूर्व ऑफ स्पिनर दीपक पटेल ने पूर्व दिग्गज कप्तान मार्टिन क्रो को याद करते हुए कहा कि अगर उन्हें टीम से हटा दिया जाता तो वे औसत दर्जे के खिलाड़ियों का एक समूह थे। एक दशक पहले दुनिया को अलविदा कह चुके महान खिलाड़ी क्रो के बारे में बात करते हुए 68 वर्षीय पटेल पुरानी यादों में खो गए। क्रो का नाम सुनते ही पटेल के चेहरे पर चमक आ जाती है और उन्हें 1992 का वह असाधारण महीना याद आने लगता है जब न्यूजीलैंड की टीम ने अपने प्रेरणादायी कप्तान के नेतृत्व में पूरी दुनिया का ध्यान खींचा था।
इसी दौरान पटेल भी अप्रत्याशित रूप से स्टार बनकर उभरे थे। पटेल ने न्यूजीलैंड के लिए 75 एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैच खेले लेकिन उनके करियर का सबसे यादगार पल 1992 विश्व कप में आया जब उन्हें नई गेंद से गेंदबाजी शुरू करने की जिम्मेदारी सौंपी गई। उस समय नई गेंद से ऑफ स्पिनर का इस्तेमाल करना लगभग अनसुनी रणनीति थी।
पटेल ने पीटीआई को दिए विशेष साक्षात्कार में कहा, ‘‘मार्टिन कई मायनों में अपने समय से आगे थे। बल्लेबाज के रूप में तो इसमें कोई संदेह ही नहीं है। वह हटकर सोचने के लिए हमेशा तैयार रहते थे और यह हमारे लिए बहुत अच्छी बात थी।’’ पांच नाती-पोतों की मौजूदगी में पटेल फिलहाल संन्यास के बाद सुकून भरा जीवन बिता रहे हैं।
क्रो के प्रयोग करने का साहस केवल नई गेंद से ऑफ स्पिनर को गेंदबाजी सौंपने तक सीमित नहीं था। उनकी रणनीतिक सोच में गेंदबाजी संयोजन में लगातार बदलाव करके नए अवसर तलाशना भी शामिल था। वर्ष 2002 में उन्होंने मैक्स क्रिकेट नाम का एक प्रारूप तैयार किया था जिसमें आठ रन के शॉट सहित स्कोर बनाने के कई असामान्य तरीकों को शामिल किया गया था।
भारत ने भी इस प्रारूप में एक मैच खेला था। पटेल ने कहा, ‘‘कई लोग यह भूल जाते हैं कि अगर मैक्स क्रिकेट नहीं होता तो शायद टी20 क्रिकेट का अस्तित्व भी नहीं होता।’’ विश्व कप 1992 में पटेल का अपना अनुभव भी अप्रत्याशित था। उन्होंने करीब तीन साल से न्यूजीलैंड का प्रतिनिधित्व नहीं किया था और उन्हें टूर्नामेंट के लिए टीम में चुने जाने की उम्मीद नहीं थी।
टीम में चयन उनके लिए हैरानी की बात थी लेकिन विश्व कप के शुरुआती मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ नई गेंद से गेंदबाजी करने की जिम्मेदारी मिलना उससे भी बड़ा आश्चर्य था। हालांकि यह विचार पटेल के लिए पूरी तरह नया नहीं था। वह और उनके साथी ऑफ स्पिनर जॉन ब्रेसवेल पहले भी घरेलू शेल कप एकदिवसीय मुकाबलों में ऑकलैंड के लिए गेंदबाजी की शुरुआत कर चुके थे।
पटेल को याद है कि इस जिम्मेदारी से वह काफी दबाव महसूस कर रहे थे लेकिन क्रो के भरोसे ने सब कुछ बदल दिया। उन्होंने कहा, ‘‘यह बेहद दबाव वाली जिम्मेदारी थी लेकिन मार्टिन क्रो ने जिस भरोसे के साथ मुझे गेंद थमाई और कहा कि अगर मुझे एक ओवर में आठ या 10 रन भी पड़ते हैं तो उन्हें इसकी चिंता नहीं है बस कुछ विकेट चाहिए, उससे पता चलता है कि उन्हें मुझ पर कितना विश्वास था।’’ पटेल का मानना है कि कागज पर न्यूजीलैंड की गेंदबाजी इकाई बहुत प्रभावशाली नहीं थी। इसमें मध्यम गति के तेज गेंदबाज, विशेषज्ञ स्पिनर और कुछ कामचलाऊ धीमी गति के गेंदबाज शामिल थे लेकिन कप्तान ने उनका जिस तरह इस्तेमाल किया, यही टीम की सफलता का राज था।
पटेल ने कहा, ‘‘हम मध्यम गति के गेंदबाजों, स्पिनरों और कुछ कामचलाऊ धीमी गति के गेंदबाजों का औसत दर्जे का आक्रमण थे। फर्क इस बात से पड़ा कि मार्टिन ने हमारा किस तरह इस्तेमाल किया।’’ क्रो की रणनीति स्पष्ट थी। वह 50 ओवर में 21 या 22 बार तक गेंदबाजी में बदलाव करते थे।
इस रणनीति के बारे में उन्होंने टूर्नामेंट के कई साल बाद पटेल को बताया था। खिलाड़ियों ने उनकी रणनीति पर भरोसा किया और इससे भी महत्वपूर्ण बात यह थी कि उन्हें विश्वास हो गया कि वे दुनिया की सर्वश्रेष्ठ टीमों को चुनौती दे सकते हैं। उस टीम के खिलाड़ियों के बीच का जुड़ाव भी शायद उनके क्रिकेट जितना ही खास था।
पटेल का कहना है कि उन्होंने 1992 विश्व कप से पहले या उसके बाद किसी ड्रेसिंग रूम में खिलाड़ियों के बीच ऐसा सामूहिक विश्वास शायद ही कभी देखा हो। उन्होंने कहा, ‘‘हम आज भी एक-दूसरे के संपर्क में हैं, हालांकि अब पहले जितनी बार मुलाकात नहीं होती। गेविन कुछ समय विदेश में रहते हैं।
मैं रॉडी (लैथम) और ऑकलैंड में रहने वाले अन्य खिलाड़ियों से मिलता रहता हूं। हम मिलते हैं, उन दिनों को याद करते हैं और सोशल मीडिया पर भी उनसे जुड़ी यादें साझा करते हैं।’’ पटेल ने कहा, ‘‘मैं कभी ऐसे खिलाड़ियों के समूह के साथ नहीं खेला जिनमें इतना विश्वास हो। हम हमेशा एक-दूसरे के साथ खड़े रहते थे।
वह टीम अनूठी थी और मैंने उसके बाद कभी ऐसा अनुभव नहीं किया।’’