South Africa vs Bangladesh Test: तौहीद के 137 रन, रबाडा के 5 विकेट के बाद स्कोर 327/6

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Nov 16, 2026

 तौहीद हृदय की 137 रन की शानदार पारी की मदद से बांग्लादेश ने रविवार को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहले क्रिकेट टेस्ट के पहले दिन वापसी करते हुए छह विकेट पर 327 रन बनाए। तौहीद ने अपने चौथे टेस्ट में दूसरा शतक जड़ा। उन्होंने 227 गेंद की पारी में 14 चौके और एक छक्का लगाया। उन्होंने वांडरर्स मैदान पर लिटन दास के साथ छठे विकेट के लिए 206 रन की साझेदारी करके बांग्लादेश की पारी को संभाला। तौहीद दिन की आखिरी गेंद पर आउट हुए। वह 84वें ओवर में मार्को यानसन की फुलटॉस पर पगबाधा हुए। लिटन 138 गेंद में 12 चौकों की मदद से 92 रन बनाकर खेल रहे हैं। 

तौहीद और लिटन ने दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज कागिसो रबाडा के छह ओवर के तूफानी स्पेल में 16 रन पर तीन विकेट लेने के बाद पारी को संभाला। रबाडा 17 ओवर में 51 रन देकर पांच विकेट चटका चुके हैं। बांग्लादेश ने पहले बल्लेबाजी करते हुए आठवें ओवर में 22 रन तक तीन विकेट गंवाए दिए थे। तौहीद और सलामी बल्लेबाज तंजीद हसन (67) ने 99 रन की साझेदारी करके टीम को मुश्किल से उबारा। रबाडा ने दूसरे सत्र की शुरुआत में हसन को बोल्ड करके इस साझेदारी को तोड़ा। 

अनुभवी बल्लेबाज मुशफिकुर रहीम भी रबाडा की पहली ही गेंद पर तीसरी स्लिप में कैच दे बैठे जिससे 34.2 ओवर में बांग्लादेश का स्कोर पांच विकेट पर 121 रन हो गया। रबाडा ने टेस्ट क्रिकेट में 18वीं बार पारी में पांच या इससे अधिक विकेट चटकाने का कारनामा किया। इसके बाद तौहीद और लिटन ने पारी को संवारा। तौहीद ने 99 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया। 

पिछले टेस्ट में सिलहट में वेस्टइंडीज के खिलाफ 224 रन बनाने वाले तौहीद ने अंतिम सत्र में 194 गेंद में शतक पूरा किया। दास ने 71 गेंद में अर्धशतक जड़ा। बांग्लादेश ने 78वें ओवर में 300 रन का आंकड़ा पार किया। इसके बाद दूसरी नई गेंद ली गई और यानसन ने तौहीद को पगबाधा करके दक्षिण अफ्रीका को बड़ी सफलता दिलाई।

प्रमुख खबरें

Bilkis Bano गैंगरेप-मर्डर केस में सुप्रीम कोर्ट का बड़ा फैसला, 2 दोषियों की उम्रकैद की सजा पर लगाई रोक, क्या कुछ कहा?

ECO बैठक में Pakistan ने उठाई मांग, आतंकवाद पर पड़ोसी देशों की चिंता दूर करे Afghanistan

Tata Steel की क्षमता 4 करोड़ टन करने की तैयारी, Jamshedpur में बोले TV Narendran

Kulgam में CRPF जवानों पर अटैक करने वाले लश्कर के दोनों आतंकी ढेर, लतीफ भट भी मारा गया