CDS और सेना प्रमुखों के साथ रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की बैठक, पूर्वी लद्दाख में स्थिति की समीक्षा की

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jun 12, 2020

नयी दिल्ली। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शुक्रवार को पूर्वी लद्दाख और सिक्किम, उत्तराखंड तथा अरुणाचल प्रदेश के अन्य कई क्षेत्रों में वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) के पास भारत की समूची सैन्य तैयारी की समीक्षा की। दूसरी ओर, भारत और चीन की सेनाओं ने मौजूदा सीमा गतिरोध पर मेजर जनरल स्तर की एक और दौर की वार्ता की। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि रक्षा मंत्री को थलसेना अध्यक्ष जनरल एम एम नरवणे ने एक उच्चस्तरीय बैठक में पूर्वी लद्दाख में समूची स्थिति की विस्तृत जानकारी दी। बैठक में प्रमुख रक्षा अध्यक्ष (सीडीएस) बिपिन रावत, नौसेना अध्यक्ष एडमिरल कर्मबीर सिंह और वायुसेना अध्यक्ष एअर चीफ मार्शल आर के एस भदौरिया भी मौजूद थे। 

इसे भी पढ़ें: नक्शा विवाद पर नेपाल के PM - भारत के साथ बातचीत के जरिये वापस हासिल करेगा अपनी जमीन

भारत ने बृहस्पतिवार को कहा कि वह शांतिपूर्ण तरीके से विाद का ‘‘जल्द से जल्द’’ समाधान निकालने के लिए सैन्य और कूटनीतिक वार्ता कर रहा है। विवाद के समाधान के पहले गंभीर प्रयास के तहत लेह स्थित 14वीं कोर के जनरल ऑफिसर कमांडिंग, लेफ्टिनेंट जनरल हरिंदर सिंह तथा चीन की ओर से तिब्बत मिलिटरी डिस्ट्रिक्ट के कमांडर, मेजर जनरल लिउ लिन ने छह जून को बैठक की थी जो लगभग सात घंटे तक चली थी। अगले सप्ताह दोनों देशों के फील्ड कमांडरों के सिलसिलेवार बैठकें करने की योजना है जिसमें तनाव कम करने के लिए कुछ विशिष्ट कदम उठाने पर चर्चा होगी। बुधवार को भी दोनों पक्षों के बीच मेजर जनरल स्तर की वार्ता हुई थी। सूत्रों ने बताया कि साढ़े चार घंटे से अधिक समय चली वार्ता में भारतीय प्रतिनिधिमंडल ने पूरी तरह यथास्थिति की बहाली तथा उन इलाकों से हजारों चीनी सैनिकों की वापसी पर जोर दिया जिन्हें भारत एलएसी पर अपनी तरफ मानता है। उन्होंने कहा कि शुक्रवार की बैठक में भी भारत ने अपनी मांग दोहराई।

प्रमुख खबरें

Allahabad High Court ने मुख्य सचिव को समन भेजा, Hindalco मामले में 31 को होगी सुनवाई

Karan Adani ने Odisha CM मोहन माझी से मुलाकात की, स्वच्छ ऊर्जा और 3000 MW संयंत्र पर हुई चर्चा

Kannauj JNV में घटिया भोजन पर छात्रों का विरोध, DM के आश्वासन पर माना हंगामा

Sukhbir Singh Badal पर नांदेड़ में कृपाण से हमला हुआ, शिअद ने CBI जांच की मांग की