युद्ध ग्रस्त यूक्रेन के खारकीव में फंसे भारतीयों को रक्षा मंत्रालय का परामर्श, राशन बचाएं, भरपेट भोजन करने से बचें

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Mar 04, 2022

नयी दिल्ली। रक्षा मंत्रालय ने युद्ध ग्रस्त यूक्रेन के खारकीव शहर में फंसे भारतीयों के लिए बृहस्पतिवार शाम परामर्श की एक सूची जारी की क्योंकि वहां ‘‘संभवत: खतरनाक या मुश्किल स्थिति पेश आने की आशंका है।’’ मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि भारतीयों के प्रत्येक समूह या दस्ते को लहराने के लिए एक सफेद झंडा या सफेद कपड़ा रखना चाहिए। इसमें कहा गया है कि भोजन और पानी बचाएं तथा उसे साझा करें, शरीर में पानी की मात्रा बनाएं रखें, भरपेट भोजन करने से बचें और राशन बचाने के लिए कम खाएं।

इसे भी पढ़ें: हमारा इरादा योजनाओं को राज्य के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना : सोरेन

मंत्रालय ने कहा, ‘‘यदि आप खुद को खुले स्थान या मैदान में पाएं तो बर्फ पिघालकर पानी बनाएं।’’ रोमानिया, हंगरी और पोलैंड जैसे यूक्रेन के पश्चिमी पड़ोसी देशों से होकर 26 फरवरी से भारत अपने नागरिकों को निकाल रहा है। हालांकि, भारतीयों का एक वर्ग-विशेषकर छात्र-खारकीव में फंसे हुए हैं, जो रूसी सीमा के नजदीक पूर्वी यूक्रेन में है। मंत्रालय ने सलाह दी है कि वहां भारतीय खुद को छोटे समूहों या 10 भारतीय छात्रों के दस्ते में रखें। साथ ही, हर 10 लोगों के समूह में एक समन्वयक और एक उप समन्वयक रखें। मंत्रालय ने कहा कि मानसिक रूप से मजबूत रहें और दहशत में नहीं आएं।

रक्षा मंत्रालय ने कहा कि एक व्हाट्सऐप ग्रुप बनाएं। विवरण, नाम, पता, मोबाइल नंबर और भारत में अपने संपर्क को संकलित करें। मंत्रालय ने सुझाव दिया कि व्हाट्सऐप पर अपनी भोगौलिक स्थिति को दूतावास या नयी दिल्ली में स्थित नियंत्रण कक्ष से साझा करें और हर आठ घंटे पर सूचना अद्यतन करें। मंत्रालय ने खारकीव में फंसे भारतीयों से अपने मोबाइल फोन से अनावश्यक ऐप हटा देने और बैटरी बचाने के लिए फोन पर बात कम करने तथा उसकी ध्वनि कम रखने को कहा है।

रक्षा मंत्रालय ने कहा कि भारतीयों को निर्धारित क्षेत्र में, बेसमेंट या बंकर में रहना चाहिए। मंत्रालय ने कहा, ‘‘रूसी में दो या तीन वाक्य बोलना सीखें (उदाहरण के तौर पर: हम छात्र हैं, हम लड़ाके नहीं हैं, कृपया हमे नुकसान नहीं पहुंचाइए, हम भारत से हैं)।’’ इसने सुझाव दिया है कि संक्षिप्त नोटिस पर दूसरी जगह जाने के लिए तैयार रहें। मंत्रालय ने कहा कि सैन्य वाहनों या सैनिकों के साथ या जांच चौकी पर या मिलीशिया के साथ तस्वीरें या सेल्फी नहीं लें।

प्रमुख खबरें

मोबाइल PLI योजना से टैक्स के रूप में मिले 3.25 लाख करोड़ रुपये, Ashwini Vaishnaw ने साझा किए आंकड़े

Jio Platforms Listing Highlights | जियो प्लेटफॉर्म्स की शेयर बाजार में ब्लॉकबस्टर एंट्री! 21% प्रीमियम पर लिस्टिंग, मार्केट कैप 12.5 लाख करोड़ के पार, बनी देश की दूसरी सबसे बड़ी कंपनी

Microsoft के सह-संस्थापक Bill Gates का जन्मदिन आज, 1975 में रखी थी नींव

Horoscope 28 October 2026 Aaj Ka Rashifal: सभी 12 राशियों का कैसा रहेगा आज का दिन, पढ़ें आज का राशिफल