By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 20, 2026
उत्तराखंड में अगले साल प्रस्तावित विधानसभा चुनाव की तैयारियों के तहत देहरादून जिले में ‘इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों’ (ईवीएम) की प्रथम स्तरीय जांच (एफएलसी) जांच 23 अक्टूबर से शुरू होगी। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। देहरादून के जिलाधिकारी डॉ आशीष चौहान ने सोमवार को यहां विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ एक बैठक कर उन्हें एफएलसी प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी तथा उनसे ईवीएम की जांच प्रक्रिया के दौरान अनिवार्य रूप से मौजूद रहकर निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता सुनिश्चित करने में सहयोग की अपील की।
उन्होंने बताया कि इससे निर्वाचन प्रक्रिया में निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुरूप निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखने में मदद मिलेगी। इसके अलावा, निर्वाचन कार्यों के लिए तैनात नोडल एवं सहायक नोडल अधिकारियों के साथ एक अन्य बैठक में जिलाधिकारी ने उन्हें सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध ढंग से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में उन्होंने कहा कि जिले के 10 विधानसभा क्षेत्रों में कुल 2,045 मतदान केंद्र बनाए गए हैं जिनमें से 766 ग्रामीण और 1,279 शहरी क्षेत्र में स्थित हैं।
उन्होंने सभी उप जिलाधिकारियों को अपने क्षेत्रों के मतदेय स्थलों पर बिजली, पेयजल, रैंप, शेड सहित सभी आवश्यक मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के साथ ही मतदान केंद्रों के नामों का सत्यापन करने तथा चार-पांच बूथ वाले केंद्रों पर मतदाताओं के प्रवेश और निकास के लिए अलग-अलग मार्गों की व्यवस्था करने को कहा। जिलाधिकारी ने बताया कि मसूरी क्षेत्र के सात और चकराता क्षेत्र के 12 मतदान केंद्र अभी भी ‘शैडो एरिया’ में हैं जहां नेटवर्क कनेक्टिविटी नहीं या कम है। उन्होंने इस संबंध में अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।
चौहान ने यह भी कहा कि फरवरी में जिले के 65 मतदान केंद्रों पर बर्फबारी की संभावना के दृष्टिगत उन क्षेत्रों के लिए अभी से आकस्मिकता योजना (कंटीजेंसी प्लान) तैयार कर लिया जाए। जिलाधिकारी ने बताया कि देहरादून की सीमाएं उत्तराखंड के चार जिलों के अलावा हिमाचल प्रदेश के सिरमौर और शिमला तथा उत्तर प्रदेश के सहारनपुर से लगती है जिसे देखते हुए अंतरराज्यीय सीमाओं पर चेकपोस्ट स्थापित करने तथा प्रभावी निगरानी व्यवस्था विकसित की जाए। उन्होंने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के बाद जिले में कुल 11,94,797 मतदाता हैं जिनमें 6,17,041 पुरुष, 5,77,706 महिलाएं और 50 ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं।
जिले में 10,201 दिव्यांग तथा 85 वर्ष से अधिक आयु के 7,845 मतदाता हैं।