By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 10, 2026
देहरादून के राजपुर क्षेत्र में पारिवारिक कलह के दौरान नशे में धुत एक व्यक्ति ने एक धारदार हथियार से हमला कर अपने पिता की कथित रूप से हत्या कर दी। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक, आरोपी नितिन राणा (35) को गिरफ्तार कर लिया गया है।
देहरादून के पुलिस अधीक्षक (नगर) शेखर सुयाल ने बताया कि सहस्त्रधारा रोड के चलांग कुल्हन इलाके में सोमवार देर शाम हुई घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची तथा गंभीर रूप से घायल मदन राणा (62) को तत्काल सरकारी कोरोनेशन अस्पताल पहुंचाया। उन्होंने बताया कि अस्पताल में डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सुयाल ने बताया कि मौके पर विधि विज्ञान प्रयोगशाला की टीम को बुलाकर साक्ष्य एकत्रित किए गए तथा आरोपी नितिन को गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह नशे का आदी है तथा अपने परिजनों से उसका विवाद था। उसने बताया कि नशे की हालत में उसकी अपने पिता से बहस हो गयी और इस दौरान उनके द्वारा जोर—जोर से डांटे जाने से उसे गुस्सा आ गया। नितिन ने बताया कि इसी उत्तेजना में उसने घर की रसोई में रखे सब्जी काटने वाले चाकू से अपने पिता पर जानलेवा हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया।