By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Sep 04, 2026
देहरादून, चार सितंबर देहरादून के रायपुर क्षेत्र में हुई 72 वर्षीय बुजुर्ग महिला की हत्या का खुलासा कुछ ही घंटों में करते हुए पुलिस ने शुक्रवार को उनकी पुस्तकों की दुकान में काम करने वाले आरोपी सहायक (हेल्पर) को गिरफ्तार कर लिया है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने यहां संवाददाताओं को बताया कि आरोपी विनीत कुमार (33) को जोगीवाला क्षेत्र में रिंग रोड पर स्थित त्रिलोकेश ‘गेस्ट हाउस’ के पास से गिरफ्तार किया गया।
एसएसपी ने कहा कि दिनेश बंसल की शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। एसएसपी डोबाल ने बताया कि घटनास्थल के आस-पास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज को खंगालने, अन्य जानकारियां जुटाने तथा मुखबिर-तंत्र को सक्रिय करने के बाद पुलिस को मामले में विनीत की कथित संलिप्तता का पता चला जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने बताया कि उत्तरकाशी जिले के पुरोला के रहने वाले आरोपी ने पूछताछ में बताया कि पिछले 10 साल से वह देहरादून के अजबपुरकलां क्षेत्र में किराये के मकान में परिवार के साथ रहता है तथा बीजे सिक्योरिटीज सर्विसेज कंपनी के माध्यम से पिछले दो साल से त्रिलोकेश गेस्ट हाउस में रात्रि सुरक्षा गार्ड के रूप में काम कर रहा है।
उसने बताया कि वह पिछले 15 वर्षों से दिनेश बंसल को जानता है और उनकी किताबों की दुकान में दिन में सहायक (हेल्पर) का कार्य करता है। आरोपी ने बताया कि बंसल के पास उसके वेतन का पैसा बकाया था जिसे कई बार मांगे जाने के बावजूद नहीं दिया जा रहा था। एसएसपी के अनुसार, विनीत ने बताया कि घटना वाले दिन वह दुकान से बंसल की स्कूटी से उनके आवास पर गया और हमेशा खुले रहने वाले पीछे के दरवाजे से अंदर पहुंचा।
उसने बताया कि उस समय घर पर रेखा बंसल अकेली थीं। पुलिस के मुताबिक, विनीत ने बताया कि जब उसने अपने बकाया पैसे मांगे तो रेखा ने भी उसे पैसे देने से इनकार कर दिया जिसके बाद उसका उनसे विवाद हो गया। पुलिस ने कहा कि इस पर आरोपी ने तैश में आकर अपने हाथ में पहने गए कड़े से रेखा के चेहरे पर वार कर दिया, जिससे वह वहीं बिस्तर पर गिर गयीं तथा चिल्लाने लगीं।
डोबाल ने कहा कि उनके चिल्लाने और अपने पकड़े जाने के डर से आरोपी ने हाथ से उनका मुंह और नाक दबा दिया जिससे उनकी मृत्यु हो गयी। इसके बाद आरोपी ने मृतका के हाथ में पहना हुआ सोने का एक कंगन निकाल लिया और वहां से निकलकर गेस्ट हाउस पहुंचा तथा अपने कपड़े बदल लिये। एसएसपी ने बताया कि इसके बाद आरोपी ने सोने के कंगन को बेच भी दिया।
पुलिस ने आरोपी की निशानादेही पर हमला करने के लिए इस्तेमाल किया गया उसका कड़ा और मृतका का सोने का कंगन बरामद कर लिया है। एसएसपी ने बताया कि घटना का खुलासा करने वाली पुलिस टीम को गढ़वाल के पुलिस महानिरीक्षक द्वारा 5000 रुपये तथा उनके द्वारा 2500 रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा।