देहरादून में भारी बारिश से 15 दिन पहले खुला पुल का संपर्क मार्ग धंसा, कांग्रेस ने सरकार को घेरा

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Jul 28, 2026

(तस्वीरों सहित) देहरादून, 28 जुलाई देहरादून के प्रेमनगर क्षेत्र में मंगलवार तड़के भारी बारिश के कारण, करीब एक पखवाड़े पहले यातायात के लिए खोले गए पुल का संपर्क मार्ग धंस गया जिससे उस पर आवागमन रोक दिया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों के मुताबिक, सड़क धंसने की जानकारी मिलते ही पुलिस तथा प्रशासनिक अधिकारियों ने नंदा की चौकी में स्थित पुल का गहनता से निरीक्षण किया और पाया कि उसका मूल ढांचा पूरी तरह सुरक्षित है लेकिन लगातार मूसलाधार बारिश की वजह से संपर्क मार्ग के नीचे की मिट्टी बह गई जिससे उसका एक हिस्सा धंस गया।

देहरादून के जिलाधिकारी डॉ आशीष चौहान ने भी बारिश के बीच तकनीकी इंजीनियरों की टीम के साथ स्वयं घटनास्थल का निरीक्षण किया और अधिकारियों को जल्द से जल्द सड़क सुचारू करने के निर्देश दिए। पिछले वर्ष सितंबर में आयी प्राकृतिक आपदा के दौरान पुल के क्षतिग्रस्त होने के बाद उसके निकट एक वैकल्पिक अस्थाई पुल तैयार कर यातायात सुचारू कर दिया गया था। लेकिन इस माह की 12 तारीख को हुई भारी बारिश के दौरान वह अस्थाई पुल भी ढह गया जिसके बाद प्रशासन ने मरम्मत किए गए पुराने पुल को उसी दिन यातायात के लिए खोला था।

कार्यों की गुणवत्ता को लेकर कांग्रेस ने राज्य सरकार पर हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि भ्रष्टाचार ने प्रदेश की जड़ें खोखली कर दी हैं जहां 16 करोड़ रुपए की लागत से मरम्मत किया गया पुल 16 दिन भी नहीं टिक सका। सरकार की खराब कार्यशैली के विरोध में मौके पर धरना देने के बाद प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने सरकार और प्रशासन की आलोचना करते हुए कहा कि वे अपनी नाकामी छुपाने के लिए केवल संपर्क मार्ग के क्षतिग्रस्त होने की बात कह रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘‘संपर्क मार्ग पुल का हिस्सा होता है और केवल संपर्क मार्ग के धंसने की बात कहकर आप अपनी जिम्मेदारी से पल्ला नहीं झाड़ सकते।’’ धस्माना ने प्रदेश के लोक निर्माण विभाग के मंत्री को बर्खास्त किए जाने तथा पुल के मरम्मत कार्यों की निगरानी करने वाले इंजीनियर के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की है।

प्रमुख खबरें

अनाहत सिंह ने 2028 लॉस एंजिलिस ओलंपिक की तैयारियों के लिए हार्वर्ड में पढ़ाई टाली

विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने चीनी कम्युनिस्ट पार्टी के सेंट्रल पार्टी स्कूल के उपाध्यक्ष से की मुलाकात

ओयो की मूल कंपनी प्रिज्म ने ब्रिटेन में किया विस्तार, जोड़े 40 नए प्रीमियम होटल

Dharmendra Pradhan के स्वागत पर भड़कीं Priyanka Gandhi, कहा- सुपरस्टार जैसा वेलकम वाकई शर्मनाक है