By Prabhasakshi News Desk | Feb 03, 2025
देश की राजधानी दिल्ली में एक दिन बाद होने जा रहे विधानसभा चुनाव को लेकर प्रचार आज शाम से पूरी तरह थम चुका है। इस दौरान हमारी टीम ने दिल्ली की विभिन्न विधानसभा सीटों पर जाकर माहौल समझने की कोशिश की। अपने भ्रमण के दौरान प्रभासाक्षी की टीम ने मालवीय नगर विधानसभा क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी सतीश उपाध्याय और पार्टी के कई अन्य कार्यकर्ताओं से खास बातचीत की है।
सतीश उपाध्याय ने दावा किया कि केजरीवाल ने 2024 तक यमुना को पूरी तरह से साफ करने का वादा किया था लेकिन उन्होंने दिल्ली की जनता को धोखा दिया है और अब तक यमुना का हाल बेहाल हो चुका है। उन्होंने भरोसा जताया कि इस बार निश्चित रूप से राजधानी में कमल खेलने जा रहा है। इसके अलावा पार्टी के कई कार्यकर्ताओं ने बताया कि इस चुनाव में भारतीय जनता पार्टी का एक-एक कार्यकर्ता पूरी मेहनत के साथ जुटा हुआ है, वह एक-एक गली और बूथ में जाकर लोगों को भाजपा के पक्ष में मतदान करने के लिए प्रेरित कर रहा है।
जिसके भरोसे पहली बार मालवीय नगर में निश्चित रूप से कमल खिलाने जा रहा है और दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में बीजेपी की सरकार बनेगी। पार्टी के कई अन्य मतदाताओं ने भी आम आदमी पार्टी की सरकार पर आरोप लगाया कि उन्होंने सिर्फ गुंडाराज को बढ़ावा दिया है, दिल्ली में लोगों को मूलभूत सुविधाओं नहीं मिल पा रही हैं। बीजेपी के युवा मतदाताओं ने भी भरोसा जताया कि इस चुनाव में निश्चित रूप से पार्टी बहुमत के साथ सरकार बनाने जा रही है।