By रेनू तिवारी | Nov 28, 2025
दिल्ली राज्य चुनाव आयोग ने रविवार, 30 नवंबर को दिल्ली नगर निगम (MCD) के 12 खाली वार्डों के लिए होने वाले उपचुनावों की तैयारी लगभग पूरी कर ली है। मतगणना बुधवार, 3 दिसंबर को होगी। नॉमिनेशन प्रोसेस 3 नवंबर को शुरू हुआ था और 10 नवंबर को खत्म हुआ था। राज्य चुनाव आयुक्त विजय देव ने कहा कि आयोग स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण वोटिंग सुनिश्चित करने के लिए युद्ध स्तर पर काम कर रहा है। जिन 12 वार्डों में उपचुनाव हो रहे हैं उनमें मुंडका, शालीमार बाग B, अशोक विहार, चांदनी चौक, द्वारका B, ग्रेटर कैलाश और विनोद नगर शामिल हैं।
दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) उपचुनाव के लिए शुक्रवार को प्रचार का आखिरी दिन है और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) तथा आम आदमी पार्टी (आप) के वरिष्ठ नेताओं ने मतदाताओं को लुभाने के लिए अपने प्रयास तेज कर दिए हैं। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बृहस्पतिवार को चांदनी महल वार्ड के प्रत्याशी सुनील शर्मा के समर्थन में छत्ता लाल मियां में एक जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे आगामी उपचुनावों में केवल भाजपा के उम्मीदवारों को ही पार्षद चुनें ताकि भाजपा के सर्वांगीण विकास एजेंडे का लाभ उठा सकें।
इससे पहले, दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने पार्टी प्रत्याशी वीना असीजा के समर्थन में अशोक विहार वार्ड में स्थानीय पंजाबी और सिंधी समुदाय की एक बड़ी सभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि दिल्ली की जनता समझती है कि भाजपा ही उनके लिए एकमात्र विकल्प है, क्योंकि इस पार्टी को चुनने का मतलब है बेहतर विकास और बेहतर रखरखाव।
‘आप’ के नेताओं ने 12 वार्डों के लिए हो रहे उपचुनाव में पार्टी उम्मीदवारों के लिए बड़े पैमाने पर प्रचार किया। अशोक विहार वार्ड 65 में पार्टी उम्मीदवार सीमा विकास गोयल के लिए प्रचार करते हुए, ‘आप’ के राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार ने भले ही झुग्गियों पर बुलडोज़र चला दिए हों, लेकिन अब जनता भाजपा पर बुलडोज़र चला देगी। इस बीच, दिल्ली विधानसभा में विपक्ष की नेता आतिशी ने मुंडका वार्ड 35 और दक्षिणपुरी वार्ड 164 में अपना अभियान चलाया और मतदाताओं से आगामी एमसीडी उपचुनाव में ’आप’ को समर्थन देने का आग्रह किया।