Sonia Gandhi के संस्मरण पर BJP का हमला, Operation Blue Star के दावे को बताया गलत

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 10, 2026

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने मंगलवार को कहा कि सोनिया गांधी ने अपने संस्मरण में ऑपरेशन ब्लू स्टार का जिक्र करके सिख समुदाय के जख्मों पर नमक छिड़कने का काम किया है। कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने अपनी आत्मकथा बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव में कहा है कि 1984 के सिख विरोधी दंगे देश के इतिहास का एक दुखद और शर्मनाक अध्याय हैं। मल्होत्रा ने कहा, “कांग्रेस नेता सोनिया गांधी ने अपनी किताब में लिखा है कि ऑपरेशन ब्लू स्टार के बाद तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी स्वर्ण मंदिर साहिब और अकाल तख्त साहिब की तस्वीरें देखकर दुखी हो गई थीं।

उनका यह बयान तथ्यों के विपरीत है। यह सिख समुदाय के जख्मों पर नमक छिड़कने जैसा है।” उन्होंने सोनिया गांधी से माफी की मांग करते हुए कहा कि जब इंदिरा गांधी ने खुद ऑपरेशन का आदेश दिया था, तो तस्वीरें देखने के बाद उनके दुखी होने का सवाल ही नहीं उठता। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने एक बयान में कहा, “सिखों के सबसे बड़े धार्मिक केंद्र अमृतसर के स्वर्ण मंदिर साहिब पर हमला इंदिरा गांधी के आदेश पर किया गया था।

जब उन्होंने खुद यह आदेश दिया था, तो उन्हें इसके परिणामों का अंदाजा जरूर रहा होगा। इसलिए उनके दुखी होने का कोई सवाल नहीं है।” उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी को झूठी बातें गढ़ने के बजाय 1984 में कांग्रेस द्वारा किए गए सिख नरसंहार के लिए सिख समुदाय और आने वाली पीढ़ियों से सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए थी। दिल्ली के मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि 1984 के सिख दंगों के बाद पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के दुखी होने की बात में भी कोई सच्चाई नहीं है।

सिरसा ने कहा, “सोनिया गांधी ने अपनी किताब में लिखा है कि 1984 के सिख नरसंहार के बाद राजीव गांधी बहुत दुखी थे। यह सब झूठ है। सच्चाई यह है कि राजीव गांधी ने सिखों का नरसंहार करने वालों को मंत्री और मुख्यमंत्री बनाया था।

गांधी परिवार के हाथों पर खून लगा है।” सोनिया गांधी ने अपनी किताब में दावा किया है कि उनके पति राजीव गांधी के मन में किसी के प्रति भेदभाव या दुश्मनी नहीं थी। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी इतिहास के ऐसे दौर में देश की जिम्मेदारी संभालने के लिए मजबूर हुए, जब शासन व्यवस्था पूरी तरह लड़खड़ा गई थी और इसके बाद बर्बर घटनाएं हुईं। हार्पर कॉलिन्स द्वारा प्रकाशित यह पुस्तक मंगलवार को बाजारों में उपलब्ध हुई।

प्रमुख खबरें

Anthropic का IPO लाने का प्लान, जुटाएगी 61 अरब डॉलर

Rishabh Pant गुरुवार को New Zealand जाएंगे, Center of Excellence में करेंगे अभ्यास

बिहार में DA तीन प्रतिशत बढ़ा, सातवें वेतनमान वाले कर्मियों को 63 फीसदी भत्ता मिलेगा

गृह मामलों की संसदीय समिति ने 17 नवंबर की बैठक से हटाया Air Pollution का मुद्दा