By अंकित सिंह | Feb 01, 2025
दिल्ली चुनाव को लेकर कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने सदर बाजार में एक जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान राहुल ने कहा कि आज बजट पेश किया गया, बजट का लक्ष्य 25 लोगों को फायदा पहुंचाना था। वो आपको थोड़ा देंगे, वो थोड़ा टैक्स माफ करेंगे लेकिन बजट का लक्ष्य अगर आप देखें तो भारत का पैसा 20-25 अरबपतियों तक पहुंचाना है। उन्होंने दावा किया कि भारत में, 50% पिछड़ा वर्ग हैं, 15% दलित हैं, 8% आदिवासी हैं, 15% अल्पसंख्यक हैं और मान लीजिए, 5% गरीब, सामान्य वर्ग के लोग हैं।
उन्होंने कहा कि आरएसएस-बीजेपी के लोग भाई को भाई से, एक धर्म को दूसरे धर्म से और एक भाषा को दूसरी भाषा से लड़ाते हैं। इनका लक्ष्य आपका पैसा आपसे छीनकर हिंदुस्तान के अरबपतियों को देना है। नरेंद्र मोदी ने हिंदुस्तान के चंद अमीर लोगों का 16 लाख करोड़ रुपये का कर्ज माफ किया है। मोदी को जब भी मौका मिलता है वो अडानी-अंबानी जैसे लोगों का कर्ज माफ करते हैं। उन्होंने कहा कि ये मीडिया वाले जनता के मित्र नहीं हैं, क्योंकि यह 24 घंटा टीवी पर अंबानी की शादी और नरेंद्र मोदी का चेहरा दिखाते हैं।
राहुल ने कहा कि मीडिया वाले अडानी-मोदी के औजार है और इनका काम आपका ध्यान भटकाने का है। देश में महंगाई, बेरोजगारी है। यहां प्रदूषण है, पीने का साफ पानी नहीं है, लेकिन मीडिया जनता के मुद्दे टीवी पर नहीं दिखाती।