By अंकित सिंह | Jan 16, 2025
दिल्ली दंगों के आरोपी ताहिर हुसैन ने गुरुवार को मुस्तफाबाद निर्वाचन क्षेत्र से अपना नामांकन पत्र दाखिल किया और तिहाड़ जेल लौट आए। आम आदमी पार्टी (आप) के पूर्व पार्षद 5 फरवरी को होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए मुस्तफाबाद से असदुद्दीन ओवैसी के नेतृत्व वाली ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के उम्मीदवार हैं। एक सूत्र ने बताया कि हुसैन ने अपना नामांकन दाखिल किया और प्रक्रिया पूरी करने के लिए दिन में तिहाड़ जेल से निकलने के बाद दोपहर 2:16 बजे हिरासत में लौट आए।
दिल्ली उच्च न्यायालय ने मंगलवार को दंगों से संबंधित हत्या के एक मामले में हुसैन को हिरासत में पैरोल दे दी थी ताकि वह अपना नामांकन पत्र दाखिल कर सकें। 24 फरवरी, 2020 को उत्तरपूर्वी दिल्ली में हिंसा भड़क गई, जिसमें 53 लोग मारे गए और कई घायल हो गए। न्यायमूर्ति नीना बंसल कृष्णा ने चुनाव लड़ने के लिए 14 जनवरी से नौ फरवरी तक अंतरिम जमानत की हुसैन की याचिका को यह कहते हुए अस्वीकार कर दिया कि उनके खिलाफ आरोपों की गंभीरता को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता, क्योंकि वह हिंसा मामले में मुख्य अपराधी हैं, जिसके कारण कई लोगों की मौत हो गई।