Delhi Excise Department Action: शराब तस्करी में 730 लोग गिरफ्तार, 2.20 लाख बोतलें जब्त

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Sep 13, 2026

दिल्ली सरकार के आबकारी विभाग ने शराब तस्करी के नेटवर्क पर शिकंजा कसते हुए पिछले पांच महीनों में 730 लोगों को गिरफ्तार किया और 725 प्राथमिकी दर्ज कीं। मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) की ओर से रविवार को जारी एक बयान के अनुसार, विभाग की प्रवर्तन टीम की छापेमारी के दौरान शराब की 2.20 लाख बोतल बरामद की गईं और 197 वाहनों को जब्त किया गया। आबकारी विभाग का प्रभार संभाल रहीं मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि सरकार जन सुरक्षा, गुणवत्ता और राजस्व वृद्धि पर केंद्रित नई आबकारी नीति पर काम कर रही है।

विभाग ने बताया कि अप्रैल से अगस्त 2026 के बीच विभाग ने अवैध शराब की बिक्री और तस्करी से जुड़े मामलों में 725 प्राथमिकी दर्ज कीं और 730 लोगों को गिरफ्तार किया। बयान के अनुसार, इस अवधि में अवैध शराब ले जा रहे 197 वाहनों को जब्त किया गया। वित्त वर्ष 2025-26 में अप्रैल से अगस्त की इसी अवधि के दौरान विभाग ने 315 प्राथमिकी दर्ज की थीं और 312 लोगों को गिरफ्तार किया था।

इस दौरान 112 वाहन जब्त किए गए थे और अवैध शराब की करीब एक लाख बोतल बरामद की गई थी। विभाग लाइसेंस प्राप्त परिसरों में नियमों के उल्लंघन के खिलाफ भी कार्रवाई कर रहा है। ऐसे मामलों में सात प्राथमिकी दर्ज की गई हैं और नियमों का उल्लंघन करने वालों के बार सील करने, जुर्माना लगाने तथा अन्य कानूनी कार्रवाई शुरू करने के कदम उठाए गए हैं।

विभाग ने बताया कि आगामी त्योहारों के मद्देनजर प्रवर्तन गतिविधियों को और तेज किया जाएगा। मुख्यमंत्री गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ किसी प्रकार की कोई नरमी नहीं बरतने की नीति अपना रही है। इसी दिशा में सरकार प्रभावी आबकारी नीति पर भी काम कर रही है।

प्रमुख खबरें

Bosnia में EUFOR का Chinook हेलीकॉप्टर क्रैश, चार कर्मियों की मौत

त्योहारी Car Offers के बीच जल्दबाजी से बचें, Online Research और Test Drive है जरूरी

North Dakota में पहली बार लगी महात्मा गांधी की आदमकद प्रतिमा, Peace Park में हुआ अनावरण

चोट के कारण Prasidh Krishna न्यूजीलैंड वनडे सीरीज से बाहर, सिराज India A टीम में शामिल