By रेनू तिवारी | Nov 06, 2026
देश की राजधानी दिल्ली के प्रसिद्ध इलेक्ट्रॉनिक और मोबाइल बाजार करोल बाग स्थित गफ्फार मार्केट में बृहस्पतिवार देर रात एक बड़ा हादसा हो गया। यहां पुरी प्लाजा इमारत में मौजूद मोबाइल फोन के सामान की एक दुकान में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी चार मंजिला व्यावसायिक इमारत को अपनी चपेट में ले लिया। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग, पुलिस और राहत टीमों ने मौके पर पहुंचकर कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। पुलिस ने बताया कि आग चार मंजिला व्यावसायिक इमारत में फैल गई और अब तक इस घटना में किसी के हताहत होने या घायल होने की सूचना नहीं है, लेकिन आग से संपत्ति को भारी नुकसान पहुंचा है।
पुलिस के अनुसार, शुरुआती तौर पर आग लगने की संभावित वजह बैटरियों का अत्यधिक गर्म होना या उन्हें जरूरत से ज्यादा चार्ज करना माना जा रहा है। हालांकि, आग लगने के सही कारण का पता विस्तृत जांच के बाद ही चल सकेगा। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि रात एक बजकर 28 मिनट पर पुरी प्लाजा में आग लगने की सूचना मिली थी, इसके बाद करोल बाग थाने में पीसीआर कॉल आई। अधिकारी ने कहा, थाने में रात की ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने व्यावसायिक इमारत की दुकान संख्या 13/21 में आग लगी देखी। इस इमारत में मोबाइल फोन के सामान का कारोबार करने वाली दुकानें हैं।
पुलिस के मुताबिक, आग सबसे पहले भूतल पर स्थित एक दुकान में लगी होने का संदेह है, जहां मोबाइल की बैटरियां रखी हुई थीं। इसके बाद आग चार मंजिला इमारत की ऊपरी मंजिलों तक फैल गई। उनके अनुसार, आग बुझाने और आपात स्थिति से निपटने के लिए दमकल की करीब 20 से 25 गाड़ियां, सेंट्रलाइज्ड एक्सीडेंट एंड ट्रॉमा सर्विसेज (कैट्स) की तीन एंबुलेंस और पीसीआर की दो गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। उन्होंने बताया कि आग तेज होने पर दमकल की अतिरिक्त गाड़ियों को भी काम पर लगाया गया।
पुलिस अधिकारी ने पुष्टि की है कि आग को पूरी तरह बुझा दिया गया है और अब स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। क्षेत्र में किसी भी तरह की अफवाह या कानून-व्यवस्था की समस्या को रोकने के लिए एहतियातन पुलिस बलों की तैनाती की गई है। पुलिस की ओर से आगे की विधिक कार्रवाई FSL और दमकल विभाग की जांच रिपोर्ट के निष्कर्षों के आधार पर की जाएगी। उन्होंने कहा कि फॉरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) की टीम भी इमारत की जांच करेगी, ताकि यह पता लगाया जा सके कि वहां कोई अन्य ज्वलनशील सामग्री तो नहीं रखी गई थी।
पुलिस ने बताया कि इन रिपोर्ट के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी, साथ ही, मानव जीवन को किसी तरह के खतरे की आशंका को दूर करने के लिए दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) से इमारत की संरचनात्मक सुरक्षा का आकलन या प्रमाणपत्र भी मांगा जाएगा। अधिकारी ने कहा, आग बुझा दी गई है और मौके पर स्थिति नियंत्रण में है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है।