Delhi में भारी छूट के विज्ञापनों पर Food Safety Department की छापेमारी, 300 किलो घी जब्त

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 23, 2026

दिल्ली में खाद्य सुरक्षा विभाग ने त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों में मिलावट और अनियमितताओं पर अंकुश लगाने के लिए भारी छूट का विज्ञापन देने वाली कई दुकानों एवं प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया तथा 300 किलोग्राम से अधिक घी जब्त किया। मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) ने शुक्रवार को एक बयान में बताया कि सोशल मीडिया पर ‘एक के साथ एक मुफ्त’ और 60 प्रतिशत तक छूट के विज्ञापनों का संज्ञान लेने के बाद यह कार्रवाई की गई। बयान में कहा गया है कि विकासपुरी स्थित ‘मैक्सकार्ट’ और ‘अग्रवाल स्टोर’ से विभिन्न ब्रांड के घी के पांच नमूने और अन्य खाद्य पदार्थों के पांच नमूने लिए गए।

इनके लेबल पर गलत जानकारी होने के संदेह में नमूनों को जांच के लिए राज्य प्रयोगशाला भेजा गया। सीएमओ ने बताया कि लाजपत नगर स्थित जैन स्टोर से मखाना और हल्दी पाउडर के नमूने लिए गए। वहीं, रिठाला स्थित युग बास्केट प्राइवेट लिमिटेड से दो किस्म के बिस्कुट, सॉफ्ट कैंडी और चीनी से बनी कैंडी के नमूने एकत्र किए गए।

बयान में कहा गया है कि निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा मानकों के पालन में कई कमियां पाई गईं और संबंधित मामलों में कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और लोगों के स्वास्थ्य से किसी तरह का समझौता स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने कहा कि सरकार मिलावट, घटिया गुणवत्ता, खाद्य पदार्थों की निर्धारित अवधि समाप्त होने के बाद उनकी बिक्री और गलत लेबलिंग पर अंकुश लगाने के लिए प्रतिबद्ध है।

प्रमुख खबरें

Ishan Kishan जांघ में खिंचाव के चलते New Zealand के खिलाफ दूसरे T20 से बाहर

Assam के Cachar में 78,400 याबा गोलियां बरामद, पुलिस ने एक आरोपी को पकड़ा

UNSC में निष्पक्ष प्रतिनिधित्व न होने से शांति स्थापना में आ रही बाधा: India

Love Horoscope For 23 October 2026 | आज का प्रेम राशिफल 23 अक्टूबर 2026 | प्रेमियों के लिए कैसा रहेगा आज का दिन