दिल्ली सरकार ने मादक पदार्थ के दुरुपयोग के खिलाफ अभियान शुरू करने की योजना बनाई

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jun 19, 2025

दिल्ली के समाज कल्याण मंत्री रविन्द्र इन्द्राज सिंह ने कहा कि 26 जून को ‘नशीले पदार्थों के दुरुपयोग और अवैध तस्करी के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय दिवस’ के मौके पर दिल्ली सरकार जागरुकता अभियान, नुक्कड़ नाटक और छात्रों की भागीदारी के जरिए एक व्यापक अभियान शुरू करेगी।

वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक समीक्षा बैठक को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि ‘‘नशा मुक्त, स्वस्थ और सशक्त दिल्ली’’ के लक्ष्य को साकार करने के लिए समन्वित प्रयास आवश्यक हैं।

बयान में कहा गया है कि अभियान के तहत नशीले पदार्थों के सेवन के हानिकारक प्रभावों के बारे में जागरुकता फैलाने के लिए नुक्कड़ नाटक आयोजित करने की खातिर राष्ट्रीय राजधानी में 64 संवेदनशील स्थानों की पहचान की जाएगी। सिंह ने पोस्टर प्रदर्शनियों, प्रेरणादायी वार्ता और अन्य संवादात्मक गतिविधियों के माध्यम से स्कूल स्तर पर विद्यार्थियों को शामिल करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।

उन्होंने कहा, ‘‘नशे की लत न केवल लोगों को बल्कि पूरे परिवार को शारीरिक, मानसिक और आर्थिक रूप से प्रभावित करती है।’’ उन्होंने कहा कि युवा जागरुकता अभियान में बड़ी भूमिका निभाते हैं। उन्होंने आग्रह किया सार्वजनिक स्थानों पर ‘रेडियो जिंगल’ और सिनेमाघरों में वीडियो दिखाकर संदेश को मजबूती से लोगों तक पहुंचाया जाना चाहिए।

बयान में कहा गया है कि राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) और राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) के छात्रों को भी अभियानों और अन्य गतिविधियों में शामिल किया जाएगा। जिला स्तरीय समाज कल्याण दल को स्थानीय विधायकों और जिलाधिकारियों के साथ मिलकर काम करने का निर्देश दिया गया है ताकि अभियान प्रभावी और व्यापक रूप से सुलभ हो।

मंत्री ने कहा, ‘‘यह सिर्फ एक अभियान नहीं है। यह एक सामाजिक आंदोलन है। स्थायी परिवर्तन लाने के लिए हमें स्कूलों, नागरिक समाज और सामाजिक संगठनों की सक्रिय भागीदारी की आवश्यकता है।

प्रमुख खबरें

ज़मीन के विवाद में Pankaj Tripathi के भाई पर कुल्हाड़ी से हमला, आरोपी गिरफ़्तार

Kota, Bikaner के बाद Jodhpur में Caesarean Delivery के बाद 8 महिलाओं की तबियत बिगड़ी, स्वास्थ्य मंत्री बोले, प्रसव पीड़ा से बचने के लिए महिलाएं कराती हैं सर्जरी

इस क्राइसिस में कॉकरोच भी नहीं कर पाएंगे सर्वाइव, गॉडजिला हमारी ओर आ रहा, आम आदमी से लेकर बजट तक पर कैसे पड़ेगा इम्पैक्ट?

10 Downing Street से Keir Starmer की भावुक विदाई, बोले- मैंने हमेशा UK को पहले रखा