By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Sep 18, 2026
दक्षिण पश्चिम दिल्ली के द्वारका में लगभग 152 करोड़ रुपये की लागत से दिल्ली का एक राज्य अतिथि गृह बनाया जाएगा। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस परियोजना को मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की अध्यक्षता में दिल्ली की व्यय वित्त समिति (ईएफसी) की हाल में हुई बैठक में मंजूरी दी गई।
अधिकारियों ने कहा कि प्रस्तावित दिल्ली सदन द्वारका सेक्टर 19 में विकसित किया जाएगा, जो देश या विदेशों की सर्वोत्तम प्रथाओं पर आधारित अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस होगा। यह अतिथि गृह 3899.42 वर्ग मीटर भूमि पर बनाया जाएगा। राज्य अतिथि गृह की इमारत में मध्यकालीन दिल्ली की पुरानी वास्तुकला/प्राचीन विरासत भवनों के तत्व शामिल होंगे।
उन्होंने कहा कि अतिथि गृह के लिए भूमि मार्च 2020 में डीडीए द्वारा दिल्ली सरकार के पर्यटन विभाग को आवंटित की गई थी। अधिकारियों ने कहा कि ईएफसी की बैठक में पर्यटन विभाग की सिफारिशों पर विचार करने के बाद इस प्रस्ताव को मंजूरी और स्वीकृति दी गई। अधिकारियों ने कहा कि संबंधित एजेंसियों से उचित मंजूरी मिलने के बाद 151.97 करोड़ रुपये की इस परियोजना के 21 महीनों में पूरे होने की संभावना है।