दिल्ली में भारी बारिश से जनजीवन बेहाल: सदर बाजार और कनॉट प्लेस में जलभराव, लगा लंबा ट्रैफिक जाम

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Jul 28, 2026

नयी दिल्ली, 28 जुलाई दिल्ली में मंगलवार को हुई मूसलाधार बारिश के बाद कई इलाकों में जलभराव, बाजारों में पानी भरने और लंबे ट्रैफिक जाम की स्थिति पैदा हो गई। कई जगह स्कूली बच्चों को पानी से भरी सड़कों से गुजरना पड़ा, जबकि कनॉट प्लेस समेत प्रमुख व्यावसायिक इलाके भी प्रभावित रहे। बारिश के बाद शहर की मानसून तैयारियों को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बीच राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप भी तेज हो गए।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का शुक्रिया। जेन-जेड के बाद अब जेन-अल्फा भी भाजपा की ऋणी रहेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि जलभराव के कारण यात्रियों और दुकानदारों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा तथा कई वाहन पानी में फंस गए।

वहीं, लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने एक्स पर मिंटो ब्रिज का वीडियो साझा करते हुए दावा किया, लगातार बारिश के बावजूद वहां यातायात सामान्य रहा।सरकार का प्रयास है कि मानसून परेशानी का कारण न बने। राजेंद्र नगर स्थित कोचिंग हब में भी भारी जलभराव हुआ, जिससे पिछले वर्ष बारिश के दौरान कोचिंग संस्थान के बेसमेंट में डूबने से तीन सिविल सेवा अभ्यर्थियों की मौत की घटना की यादें ताजा हो गईं। इलाके में कई कारें, मोटरसाइकिल और ऑटो-रिक्शा पानी में आंशिक रूप से डूबे नजर आए।

सदर बाजार की संकरी गलियों में घुटनों तक पानी भर गया। गंदे पानी और तैरते कचरे के बीच से लोगों और स्कूली बच्चों को गुजरना पड़ा। कई दुकानों में भी पानी घुस गया, जिससे कारोबार प्रभावित हुआ।

सदर बाजार व्यापार संघ के अध्यक्ष परमजीत सिंह पम्मा ने कहा कि शाम तक बाजार में जलभराव बना रहा, जिससे कई दुकानें बंद करनी पड़ीं और बारिश के पानी से सामान को नुकसान हुआ। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन, जन्माष्टमी और स्वतंत्रता दिवस से पहले यह स्थिति व्यापारियों के लिए चिंता का विषय है। कनॉट प्लेस और जनपथ बाजार में भी भारी जलभराव देखा गया।

न्यू दिल्ली व्यापार संघ के अनुसार जी ब्लॉक, ए ब्लॉक और आउटर सर्किल के कुछ हिस्सों में दोपहर करीब एक बजे तक पानी भरा रहा, जिससे व्यावसायिक गतिविधियां प्रभावित हुईं। शहर के कई हिस्सों में जलभराव के कारण यातायात धीमा रहा। गाजीपुर बॉर्डर (यूपी गेट) के पास एनएच-09, आईटीओ, आजादपुर, मालवीय नगर, प्रह्लादपुर और कालिंदी कुंज में लंबा जाम लगा।

टॉलस्टॉय मार्ग, भारत मंडपम रोड, हनुमान रोड और आईटीओ के पास मथुरा रोड पर भी जलभराव की सूचना मिली, जहां दफ्तर जाने वाले लोग घुटनों तक पानी में बसों का इंतजार करते दिखे। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने गरज-चमक और भारी बारिश को लेकर रेड अलर्ट जारी किया तथा दिनभर तेज बारिश की संभावना जताई। दिल्ली में सरकारी स्कूलों के प्रधानाचार्य और उप-प्रधानाचार्य संघ ने बताया कि सुबह की पाली के छात्र मौसम बिगड़ने से पहले स्कूल पहुंच चुके थे, जबकि दोपहर एक बजे शुरू होने वाली दूसरी पाली में उपस्थिति लगभग 50 प्रतिशत रही।

नगर निगम (एमसीडी), नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) और लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) को जलभराव, पेड़ गिरने और बिजली बाधित होने से संबंधित 100 से अधिक शिकायतें प्राप्त हुईं।

प्रमुख खबरें

US Open Mixed Doubles: Novak Djokovic और Aryna Sabalenka की जोड़ी मचाएगी धमाल, टेनिस प्रेमियों में भारी उत्साह

जैसलमेर में भारत-पाकिस्तान सीमा के पास रात में आवाजाही और पाकिस्तानी सिम पर प्रतिबंध 30 नवंबर तक बढ़ा

जेन जेड का भरोसा जीतने के लिए प्रधानमंत्री को कैमरे का नहीं, दिल का एंगल बदलना होगा: प्रियंका गांधी

दिल्ली जिमखाना क्लब के अधिग्रहण को रोकने का हाईकोर्ट के पास अधिकार नहीं: केंद्र