दिल्ली: वाहन को गलती से टक्कर लगने पर ई-रिक्शा चालक को गोली मारने वाला व्यक्ति गिरफ्तार

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jun 27, 2025

दिल्ली के नंद नगरी इलाके में एक व्यक्ति को एक ई-रिक्शा चालक को गोली मारने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। यह घटना उस समय हुई जब ई-रिक्शा चालक की गाड़ी गलती से उस व्यक्ति की कार से टकरा गई। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि 23 जून की सुबह विनय (30) अपने ई-रिक्शा में अमित विहार से वापस अपने घर सबोली जा रहा था। उन्होंने बताया कि गगन सिनेमा के पास मोड़ते समय उसका ई-रिक्शा कथित रूप से एक काले रंग की कार से टकरा गया।

अधिकारी ने बताया कि स्पोर्ट्स यूटिलिटी व्हीकल (एसयूवी) चालक समीर शर्मा (46) ने गुस्से में आकर कथित तौर पर पिस्तौल निकाली और विनय पर गोली चला दी। उन्होंने बताया कि गोली चलाने के बाद आरोपी मौके से भाग निकला।

पुलिस ने बताया कि जीटीबी अस्पताल से पुलिस नियंत्रण कक्ष (पीसीआर) को गोलीबारी में एक व्यक्ति के घायल होने के संबंध में सूचना प्राप्त हुई। पुलिस ने बताया कि जीटीबी अस्पताल में ही पीड़ित का उपचार किया जा रहा है।

पुलिस ने बताया कि विनय के बयान के आधार पर नंद नगरी थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109(1) (हत्या का प्रयास) और धारा 3(5) (संयुक्त जवाबदेही) तथा शस्त्र अधिनियम की धारा 27 के तहत मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि इसके बाद समीर को गिरफ्तार कर लिया गया और पूछताछ के दौरान उसने अपनी महिला साथी के बारे में पुलिस को बताया।

पुलिस ने उसकी महिला साथी को भी पकड़ लिया है। पुलिस ने बताया कि अपराध में इस्तेमाल पिस्तौल और काली एसयूवी जब्त कर ली गई है। अधिकारी ने बताया कि गोलीबारी का उद्देश्य और आरोपी की संभावित आपराधिक पृष्ठभूमि का पता लगाने के लिए जांच जारी है।

प्रमुख खबरें

GOAT इंडिया टूर 2025: लियोनल मेसी ने वीडियो साझा कर भारत को कहा धन्यवाद

FIFA The Best Awards 2025: डेम्बेले और बोनमती बने सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी

IND vs SA लखनऊ टी20: भारत की 14वीं सीरीज़ जीत या दक्षिण अफ्रीका की वापसी

IPL Auction 2026: अनकैप्ड भारतीय खिलाड़ियों का जलवा, करोड़पति क्लब में धमाकेदार एंट्री