By एकता | Nov 15, 2026
दिल्ली और मेरठ के बीच रोजाना सफर करने वाले यात्रियों के लिए एक बड़ी राहत भरी खबर है। नमो भारत कॉरिडोर पर अब सफर पहले से भी ज्यादा तेज होने जा रहा है। एनसीआरटीसी कल यानी सोमवार से आठ अतिरिक्त फास्ट ट्रेनें शुरू करने जा रहा है। ये ट्रेनें सुबह और शाम के व्यस्त समय में चलेंगी, जिससे रोजाना ऑफिस, कॉलेज या दूसरे जरूरी कामों के लिए आने-जाने वाले लोगों को सीधा फायदा होगा।
इन नई फास्ट ट्रेनों के चलने से यात्री कम समय में लंबी दूरी तय कर सकेंगे। नई व्यवस्था के तहत आनंद विहार से गाजियाबाद पहुंचने में सिर्फ 8 मिनट और गाजियाबाद से मेरठ के बेगमपुल स्टेशन तक पहुंचने में 28 मिनट लगेंगे। इस तरह आनंद विहार से बेगमपुल तक का पूरा सफर महज 36 मिनट में पूरा हो जाएगा। वहीं, पूरे दिल्ली-मेरठ कॉरिडोर की यात्रा 50 मिनट से भी कम समय में पूरी की जा सकेगी।
एनसीआरटीसी के मुताबिक, सुबह और शाम के समय कुल आठ फास्ट ट्रेनें चलाई जाएंगी। सुबह 8 बजे सराय काले खां से मोदीपुरम और मोदीपुरम से सराय काले खां के लिए ट्रेनें चलेंगी। इसके बाद सुबह साढ़े 8 बजे दोनों दिशाओं में एक-एक फास्ट ट्रेन रवाना होगी। इसी तरह शाम के समय 6 बजे दोनों टर्मिनल स्टेशनों से फास्ट ट्रेनें चलेंगी और शाम साढ़े 6 बजे दोनों दिशाओं में एक-एक अतिरिक्त फास्ट ट्रेन चलाई जाएगी।
सुबह चार और शाम को चार फास्ट ट्रेनें मौजूदा नियमित सेवाओं के अलावा होंगी, जबकि सामान्य नमो भारत ट्रेनें पहले की तरह हर 10 मिनट में मिलती रहेंगी। चूंकि फास्ट और सामान्य ट्रेनों के रुकने के स्टेशन अलग-अलग होंगे, इसलिए यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे ट्रेन में चढ़ने से पहले डिस्प्ले बोर्ड जरूर देखें और प्लेटफॉर्म पर होने वाली घोषणाओं को ध्यान से सुनें।
यात्रियों को कम समय में मंजिल तक पहुंचाने के लिए इन फास्ट ट्रेनों के स्टॉपेज सीमित रखे गए हैं। ये ट्रेनें हर स्टेशन पर नहीं रुकेंगी, बल्कि पूरे रास्ते में केवल पांच प्रमुख स्टेशनों पर ही इनका ठहराव होगा। ये पांच स्टेशन सराय काले खां, आनंद विहार, गाजियाबाद, बेगमपुल और मोदीपुरम हैं।
नमो भारत ट्रेनें लोगों के बीच तेजी से अपनी जगह बना रही हैं और इस कॉरिडोर पर रोजाना करीब 1.1 लाख यात्री सफर कर रहे हैं। यह कॉरिडोर अब तक 5 करोड़ यात्राओं का आंकड़ा भी पार कर चुका है और पिछले तीन महीनों में हर महीने औसतन 32 लाख से ज्यादा यात्राएं दर्ज की गई हैं। एनसीआरटीसी ने कहा है, "फास्ट ट्रेनें शुरू करने का मकसद यात्रियों का समय बचाने के साथ सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देना भी है, जिससे सड़कों पर गाड़ियों का दबाव और प्रदूषण कम करने में मदद मिल सके।"